चार पहिया वाहन की ठोकर से बाइक सवार एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

सदर अस्पताल में मृतक के परिजन
समस्तीपुर के मुसरीघरारी में एनएच-28 पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
Samastipur News: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर चौक के समीप एनएच-28 पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चार पहिया वाहन भी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
Sarairanjan News: एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाजोपुर वार्ड संख्या-3 निवासी हरिलाल पासवान के 30 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर वार्ड संख्या-2 निवासी शिवनारायण राय के 32 वर्षीय पुत्र विकेश कुमार के रूप में की गई है. स्थानीय पुलिस ने तत्काल दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दी.
कोर्ट जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक के पिता हरिलाल पासवान ने बताया कि रौशन कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह घर से निकला था. दोपहर बाद दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका शव मिला. स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे.
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को भी जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और चार पहिया वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है.
परिजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक रौशन कुमार और घायल विकेश कुमार करीब दो वर्ष पहले दर्ज एक हत्या के मामले में अभियुक्त थे और गुरुवार को उसी मामले में कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे.
यह भी पढ़ें: घूमने के लिए स्कूल से भागे तीन छात्र, आधार कार्ड और बैंक मैसेज से मिला सुराग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










