सहरसा में बंद घर में युवक की गोली मारकर हत्या, तीन दिन बाद मिला शव
सहरसा - मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
सहरसा के गौतम नगर में एक बंद घर से 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. युवक की गोली मारकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. तीन दिन तक घर बंद रहने के बाद दुर्गंध फैलने पर घटना का खुलासा हुआ.
Saharsa Murder Case: सहरसा के सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर गंगजला में बंद घर से 24 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गयी. युवक की गोली मारकर हत्या की गयी थी और उसका शव घर के अंदर बिस्तर पर पड़ा था. तीन दिन तक घर बंद रहने के बाद शव से दुर्गंध निकलने पर आसपास के लोगों और परिचितों को घटना की जानकारी हुई. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
मृतक की पहचान सुपौल जिले के बरुआरी निवासी स्वर्गीय हर्षवर्धन सिंह के पुत्र अभिजीत सिंह राजपूत उर्फ राजा के रूप में हुई है. वह गौतम नगर स्थित अपने मकान में अकेले रहता था. घटना की सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान, सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे.
जन्मदिन की पार्टी के बाद घर लौटा था अभिजीत
जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर की रात अभिजीत एक मित्र के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था. देर रात होने के कारण उसने पार्टी में खाना नहीं खाया और घर लौट गया. बताया जाता है कि रात करीब दो बजे कुछ मित्र उसके लिए खाना लेकर उसके घर पहुंचे थे.
उस समय अभिजीत ने बाउंड्री का ग्रिल नहीं खोला. उसने ऊपर से हाथ बढ़ाकर खाना लिया और ग्रिल की चाबी बाहर मौजूद मित्रों को देकर बाहर से ताला लगाने को कहा. मित्रों ने बाहर से ताला लगाया और चाबी अंदर खड़े अभिजीत की ओर फेंककर वहां से चले गये.
17 सितंबर को दिनभर मित्रों और परिचितों ने उसके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. 18 सितंबर को उसके साथ घर गये करीबी मित्र ने अन्य मित्रों और परिजनों को फोन कर अनहोनी की आशंका जतायी. इसके बाद कुछ लोग उसके घर पहुंचे.
रोशनदान से देखा तो बिस्तर पर पड़ा था शव
घर पहुंचने पर लोगों ने देखा कि बाउंड्री का ग्रिल खुला हुआ था, जबकि मुख्य ग्रिल में बाहर से ताला लगा था. संदेह होने पर खिड़की के रोशनदान से अंदर झांका गया तो अभिजीत बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.
एफएसएल टीम की मौजूदगी में सदर थानाध्यक्ष ने मुख्य ग्रिल का ताला तुड़वाकर घर के अंदर प्रवेश किया. कमरे से तेज दुर्गंध निकल रही थी. पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाये.
सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. मृतक की कनपटी में गोली मारी गयी थी, जो आंख के बगल से निकल गयी. पुलिस के अनुसार हत्या के बाद उसके मुंह पर तकिया रखा गया था. घटना के वास्तविक कारण और परिस्थितियों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट से जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है.
पीछे का दरवाजा खुला, बाउंड्री के पास मिली कुर्सी
घटनास्थल की जांच के दौरान घर का पीछे का दरवाजा खुला मिला. बाउंड्री के पास एक कुर्सी भी रखी हुई थी. पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या के बाद कोई व्यक्ति पीछे के रास्ते से घर से बाहर निकला था. मुख्य ग्रिल पर बाहर से ताला लगाने और बाउंड्री के ग्रिल की स्थिति को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.
स्कॉर्पियो की बुकिंग और रुपये के लेन-देन की भी जांच
स्थानीय लोगों और मृतक के परिचितों के अनुसार, अभिजीत ने विश्वकर्मा पूजा के दिन डिलीवरी के लिए एक स्कॉर्पियो बुक करायी थी. बताया जाता है कि वाहन के डाउन पेमेंट के लिए उसके पास बड़ी रकम होने की जानकारी कुछ करीबी लोगों को थी. इसी आधार पर पुलिस आर्थिक लेन-देन और संभावित लूट के एंगल से भी जांच कर रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
Saharsa Murder Case: पार्टी में शामिल दोस्तों से पूछताछ
पुलिस जन्मदिन की पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ कर रही है. मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर भी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि अभिजीत के साथ आखिरी समय में कौन-कौन लोग मौजूद थे और उसके साथ घर तक कौन पहुंचा था.
पुलिस हत्या के समय, वारदात की परिस्थितियों और मृतक के मुंह पर तकिया रखने के कारण की भी जांच कर रही है. आर्थिक लेन-देन, आपसी विवाद, रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है. पुलिस के अनुसार मृतक का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वैज्ञानिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गौतम नगर इलाके के लोगों में भी घटना को लेकर चिंता है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.




Also Read: JDU के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नहीं पहुंचे अनंत सिंह, एक मंच पर दिखे नीतीश-निशांत, चल रही है बैठक
Also Read: पटना सिविल कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया जा रहा परिसर, सर्च ऑपरेशन शुरू
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए