राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, तीन माह बाद अंचल कार्यालय में लौटी रौनक

Published by :Divyanshu Prashant
Published at :12 May 2026 11:00 AM (IST)
विज्ञापन
राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, तीन माह बाद अंचल कार्यालय में लौटी रौनक

अंचल कार्यालय में सीओ के समक्ष योगदान देते राजस्व कर्मचारी

सहरसा में पिछले तीन महीने से जारी राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद अंचल कार्यालय में कामकाज फिर से शुरू हो गया है. कर्मचारियों के योगदान देने के साथ ही अब दाखिल-खारिज और भूमि विवाद जैसे हजारों लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का रास्ता साफ हो गया है.

विज्ञापन

पतरघट, सहरसा से राजेश कुमार सिंह की रिपाेर्ट: पिछले तीन महीनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है. हड़ताल खत्म होने के बाद सभी राजस्व कर्मचारियों ने अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी (सीओ) प्रिंस प्रकाश के समक्ष अपना योगदान दिया. कर्मचारियों के काम पर वापस लौटने से अंचल कार्यालय का कामकाज एक बार फिर पटरी पर लौट आया है.

दाखिल-खारिज और परिमार्जन के लंबित कार्यों में आएगी तेजी

करीब 90 दिनों से अधिक समय तक चली इस हड़ताल के कारण अंचल के महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह ठप पड़े थे. दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), भूमि विवाद के मामले, लगान रसीद काटना, परिमार्जन और ऑनलाइन आवेदनों का निष्पादन नहीं होने से आम जनता बेहद परेशान थी. विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रतिदिन कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे थे. अब हड़ताल खत्म होने से इन लंबित फाइलों के जल्द निस्तारण की उम्मीद जगी है.

सीओ ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश

राजस्व कर्मचारियों के योगदान के बाद सीओ प्रिंस प्रकाश ने कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि हड़ताल की वजह से जनहित के जरूरी कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए थे, जिन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. सीओ ने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं और भूमि विवाद से जुड़े संवेदनशील मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि लोगों को राहत मिल सके.

कार्यालय में कामकाज शुरू

हड़ताल समाप्त होने की सूचना मिलते ही अंचल कार्यालय में आवेदकों की भीड़ भी बढ़ने लगी है. कर्मचारियों ने अपनी मेजों पर लौटकर लंबित आवेदनों की छंटनी शुरू कर दी है. इस अवसर पर प्रधान सहायक कामख्या प्रसाद, कौशल कुमार सहित अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी और पदाधिकारी मौजूद रहे.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन