सुगमा में कृष्ण जन्माष्टमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब
जागरण में मौजूद लोग | Prabhat Khabar Network
बनमा ईटहरी के सुगमा गांव में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सात दिनों तक चले भक्ति गीतों और विशेष गर्भ पूजा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
बनमा ईटहरी (सहरसा). प्रखंड क्षेत्र के सुगमा गांव में हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. भगवान श्रीकृष्ण, राधा, रुक्मिणी, बलभद्र समेत अन्य देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. पूजा के जजमान हरेराम सिंह बने, जबकि पंडित मुनी जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न करायी. रात 12 बजते ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ विशेष गर्भ पूजा की गयी. स्थानीय परंपरा के अनुसार गर्भ पूजा में खीरा समेत अन्य सामग्री का धार्मिक विधि से उपयोग किया गया. श्रद्धालुओं ने गेहूं से तैयार पकवान, लड्डू, फल-फूल व मिठाइयों का भोग लगाया. मन्नत पूरी होने पर कई श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण को बांसुरी भी अर्पित की.
आपके शहर में
आकर्षक सजावट से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को विद्युत सज्जा, फूलों और भव्य तोरण द्वार से सजाया गया था. रात 12 बजे के बाद प्रसाद चढ़ाने और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. समय-समय पर भगवान को भोग लगाया जाता रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आये. श्रद्धालुओं के मनोरंजन और भक्ति भाव को लेकर मंदिर प्रशासन की ओर से कृष्ण जागरण का आयोजन किया गया. मधेपुरा की गायिका पूजा यादव ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया. वहीं सात दिनों तक कोसी क्षेत्र की चर्चित गायिका कुमारी स्मृति सिंह, मुकेश सिंह, संजीव ठाकुर और मनीष कुमार ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी.
समदाउन गीत के बीच हुआ प्रतिमा विसर्जन
शनिवार सुबह पारंपरिक समदाउन गीत गाते हुए भगवान श्रीकृष्ण समेत सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को श्रद्धापूर्वक तिलावे नदी में विसर्जित किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बनमा ईटहरी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी दलबल के साथ मुस्तैद रहे. उनकी निगरानी में जन्माष्टमी का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए