सहरसा बस्ती में किराना दुकान की छत काटकर चोरी, 75 हजार का सामान और 30 हजार नकद गायब
सहरसा बस्ती में एक किराना दुकान में चोरों ने छत काटकर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया. दुकान से करीब 75 हजार रुपये के सामान के साथ 25-30 हजार रुपये नकद भी ले भागे. इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यवसायियों में रोष है.
सहरसा सदर थाना क्षेत्र के सहरसा बस्ती स्थित जगदम्बा पेट्रोल पंप के समीप सद्दाम किराना जेनरल स्टोर में शुक्रवार की सुबह भीषण चोरी का मामला सामने आया. चोर गुरुवार की देर रात दुकान की छत पर लगे एस्बेस्टस को काटकर अंदर घुसे और दुकान में रखे करीब 75 हजार रुपये के सामान के साथ बिक्री के करीब 25 से 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये.
112 टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच

चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंची और दुकान का जायजा लिया. पुलिस टीम ने दुकानदार मो. सद्दाम से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी ली. पुलिस ने आसपास के इलाके में भी जानकारी जुटायी और चोरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी.
पहले भी इसी दुकान को बनाया जा चुका है निशाना
दुकानदार मो. सद्दाम ने बताया कि उनकी दुकान में इससे पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है. पिछली घटना का साक्ष्य दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में मौजूद था. इसके बावजूद दोबारा दुकान को निशाना बनाये जाने से स्थानीय व्यवसायियों में चिंता बढ़ गयी है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
गल्ले में रखी 25 से 30 हजार रुपये की बिक्री राशि ले गये
दुकानदार के अनुसार गुरुवार को सुबह से शाम तक दुकान में हुई बिक्री की करीब 25 से 30 हजार रुपये की राशि गल्ले में रखी थी. चोरों ने दुकान में प्रवेश करने के बाद गल्ले से यह रकम निकाल ली. इसके अलावा दुकान में रखे अन्य कीमती सामान भी चोरी कर लिये गये. दुकानदार के अनुसार चोरी से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
लगातार चोरी की घटनाओं से व्यवसायी परेशान
स्थानीय लोगों और समाजसेवी मो. मंसूर आलम ने कहा कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. पुलिस की गश्ती और 112 टीम की सक्रियता के बावजूद दुकानों को निशाना बनाये जाने से व्यवसायियों की चिंता बढ़ रही है. लोगों ने रात में गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. चोरों की पहचान के लिए दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद चोर किस रास्ते से फरार हुए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए