पटना महावीर मंदिर में रात 2 बजे खुलेगा पट, भक्तों के लिए 80 टन का AC और 20 LED स्क्रीन

Updated at : 26 Mar 2026 1:19 PM (IST)
विज्ञापन
Ramnavami 2026

पटना महावीर मंदिर

Ramnavami 2026: पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में इस वर्ष रामनवमी का उत्सव बेहद खास और भव्य होने जा रहा है. आस्था के इस महाकुंभ में भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है.

विज्ञापन

Ramnavami 2026: पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में इस साल 27 मार्च को रामनवमी का भव्य आयोजन होगा. कल 27 मार्च को मनाए जाने वाले जन्मोत्सव के दिन मंदिर के कपाट रात 2:00 बजे ही खोल दिए जाएंगे.

इस बार की सबसे बड़ी घोषणा यह है कि कपाट खुलने के बाद सबसे पहले दर्शन करने वाले 10 भाग्यशाली भक्तों को मंदिर प्रशासन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक के हाई-टेक इंतजाम किए गए हैं.

गर्भगृह में लगा 80 टन का एसी और 20 LED स्क्रीन

बिहार में बढ़ती गर्मी को देखते हुए महावीर मंदिर न्यास समिति ने भक्तों की सहूलियत के लिए गर्भगृह में 80 टन का शक्तिशाली एसी (AC) इंस्टॉल किया है. इससे लाइन में लगे श्रद्धालुओं को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

इसके अलावा, जो भक्त मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर पाएंगे, उनके लिए बाहर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 20 बड़ी एलईडी (LED) स्क्रीन लगाई जा रही हैं, जिन पर प्रभु श्री राम और महावीर के लाइव दर्शन होंगे. दोपहर 12:00 बजे की विशेष आरती के बाद सुरक्षा कारणों से फूल-माला और भारी प्रसाद के साथ प्रवेश वर्जित रहेगा, ताकि कतारें तेजी से आगे बढ़ सकें.

18 हजार किलो नैवेद्यम और 52 झांकियों का स्वागत

प्रसाद के शौकीनों के लिए इस बार 18 हजार किलो शुद्ध ‘नैवेद्यम’ तैयार करने की योजना है. शाम के वक्त शहर की करीब 52 धार्मिक झांकियां अपने झंडों के साथ मंदिर पहुंचेंगी, जिन्हें न्यास समिति द्वारा सम्मानित किया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे और सैकड़ों निजी व सरकारी सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे.

मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षाकर्मी भक्तों के साथ शालीनता से पेश आएं और किसी को भी जबरन आगे न धकेलें. बीमार या बुजुर्ग भक्तों के लिए मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी मौके पर मौजूद रहेगी.

मुख्य आकर्षण के रूप में शहर की झांकियों का स्वागत होगा. रामनवमी के दिन शाम को 52 झांकियां झंडा लेकर मंदिर पहुंचेंगी. मंदिर प्रबंधन इन समितियों को सम्मानित करेगा.

महिला-पुरुष भक्तों के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस, शौचालय और अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और चोर-पाकेटमारों पर पैनी नजर रखी जाएगी.

क्यों 27 मार्च को रामनवमी

इस वर्ष पंचांग अनुसार रामनवमी 27 मार्च को मनाई जाएगी. वाराणसी से प्रकाशित हृषीकेश पंचांग के अनुसार, 26 मार्च को अपराह्ण 2:11 बजे नवमी तिथि प्रारंभ होती है और 27 मार्च को 12:02 बजे समाप्त होती है. इसी दिन पुनर्वसु नक्षत्र भी संध्या 5:08 तक रहेगा. इस योग से जन्मोत्सव की वेला मध्याह्न काल में पड़ रही है.

इस वर्ष शुक्रवार होने के कारण राहुकाल और यमघंट योग सुबह 9 बजे से 12 बजे तक रहेगा. ध्वजपूजन का संकल्प सुबह 9 बजे से पहले लिया जाएगा. जन्मोत्सव की वेला पर दीपक जलाना ठीक 12 बजे होगा.

रामनवमी के इस भव्य आयोजन में प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने भक्तों की सुविधा, सुरक्षा और भव्यता का पूरा ध्यान रखा है, जिससे पटना महावीर मंदिर में इस बार का उत्सव और भी खास होगा.

Also Read: रामनवमी शोभायात्रा पर SP की रहेगी नजर, 1500 जवान तैनात, LED स्क्रीन पर कर सकेंगे लाइव दर्शन

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन