करंट लगने के बाद महिला की मौत, इलाज में लापरवाही के आरोप पर सीएचसी में तीन घंटे हंगामा

अस्पताल में उपस्थित पुलिस पदाधिकारी व जमा भीड़.
भवानीपुर, पूर्णिया में करंट लगने से 35 वर्षीय नबिसा खातून की मौत हो गई. परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तीन घंटे तक हंगामा किया.
Purnia Electrocution Death: भवानीपुर (पूर्णिया). नगर पंचायत भवानीपुर के सर्कलटोला वार्ड संख्या-7 निवासी 35 वर्षीय नबिसा खातून की करंट लगने के बाद इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवानीपुर में मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया. सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ.
गीले कपड़े फैलाने के दौरान लगा करंट

परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे नबिसा खातून अपने घर पर गीले कपड़े फैला रही थीं. इसी दौरान वह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई. परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए सीएचसी भवानीपुर लेकर पहुंचे.
परिजनों ने लगाया इलाज में देरी का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद कई बार आग्रह करने के बावजूद समय पर उपचार शुरू नहीं किया गया. उनका कहना है कि इलाज में हुई देरी के कारण नबिसा खातून की जान नहीं बचाई जा सकी. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया.
चिकित्सक ने एम्बुलेंस में देरी को बताया कारण
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. स्नेहा कुमारी ने बताया कि महिला की हालत अस्पताल पहुंचने के समय ही अत्यंत गंभीर थी. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया गया था. उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस कर्मी को तुरंत मरीज को पूर्णिया ले जाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन एम्बुलेंस पहले एक प्रसूता को छोड़ने चली गई. उनके अनुसार चिकित्सकीय स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई.
तीन घंटे बाद शांत हुआ हंगामा
हंगामे की सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना के अवर निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह, अवर निरीक्षक अमित कुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक सुमन कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक पप्पू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रखंड प्रमुख के पति बिट्टू यादव, वार्ड पार्षद के पुत्र राजा अली सहित अन्य स्थानीय लोगों के समझाने पर करीब तीन घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई.
पोस्टमार्टम से किया इनकार, जांच की मांग
Purnia Electrocution Death: अवर निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि करंट लगने से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हुई है. परिजनों ने लिखित आवेदन देकर शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










