पूर्णिया के विद्या विहार आवासीय विद्यालय ने पूरा किया स्थापना का 30वां गौरवशाली वर्ष

Updated:
विज्ञापन
परिचय- कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते अतिथि एवं अन्य | Prabhat Khabar Network

कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते अतिथि एवं अन्य | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया के विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल ने अपना 30वां स्थापना दिवस विश्वविख्यात पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा के साथ मनाया. उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया. समारोह में स्कूल की उपलब्धियों का प्रदर्शन और मौसम विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन भी हुआ.

विज्ञापन

पूर्णिया : जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर परोरा स्थित विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल ने अपना 30वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया. समारोह की मुख्य अतिथि विश्वविख्यात पर्वतारोही एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित अरुणिमा सिन्हा रहीं. उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानने का संदेश दिया.

अपने प्रेरक संबोधन में अरुणिमा सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन का एक स्पष्ट लक्ष्य तय करना चाहिए. बिना लक्ष्य के सफलता प्राप्त नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों और कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करना चाहिए.

उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2011 में रेल दुर्घटना में एक पैर गंवाने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी. कृत्रिम पैर के सहारे कठिन प्रशिक्षण लेकर वर्ष 2013 में माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया और विश्व की पहली दिव्यांग महिला पर्वतारोही बनने का गौरव हासिल किया. उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच से असंभव लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं.

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और विद्यालय गीत के साथ हुआ. इसके बाद विद्यार्थियों ने बिहार गीत की प्रस्तुति दी. विद्यालय की 30 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित 10 मिनट की डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसमें शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल और सामाजिक उपलब्धियों को दर्शाया गया.

समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में स्थापित अत्याधुनिक मौसम विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना के नैनो विज्ञान एवं नैनो प्रौद्योगिकी केंद्र के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंह ने किया. उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार के लिए प्रेरित किया.

विद्यालय की उपलब्धियों की हुई सराहना

पूर्णिया विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ. संतोष कुमार सिंह ने विद्यालय की 30 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्या विहार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है.

विद्यालय के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि 30 वर्षों की यात्रा उत्कृष्ट शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक है. वहीं निदेशक आर. के. पाल ने विद्यालय की विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी. प्रधानाचार्य निखिल रंजन ने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम और उत्कृष्ट चरित्र निर्माण का संदेश दिया.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

समारोह में विद्यार्थियों ने बैंड प्रदर्शन, रवीन्द्र संगीत, दशावतार स्तुति और "ग्लिम्प्सेस ऑफ बिहार" सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. कार्यक्रम में विद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों के साथ शिक्षा, प्रशासन और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया.


विज्ञापन
अखिलेश चंद्रा

लेखक के बारे में

By अखिलेश चंद्रा

अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन