आज का दर्शन : 60 वर्ष पुराने लाइन बाजार शिवाला में उमड़ती है अटूट आस्था, सावन में लगता है भक्तों का मेला

लाइन बाजार शिवाला
पूर्णिया के लाइन बाजार स्थित प्रसिद्ध शिवाला में भक्तों की असीम आस्था है। यहाँ दर्शन और रुद्राभिषेक से मन्नतें पूरी होती हैं। जानें इस मंदिर का इतिहास।
पूर्णिया शहर के लाइन बाजार स्थित महामाया मंदिर परिसर में गंगा-दार्जिलिंग रोड के किनारे अवस्थित शिवाला श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है. सामान्य दिनों में भी यहां सुबह और शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजन करने पहुंचते हैं, जबकि सावन माह और महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में मेले जैसा दृश्य देखने को मिलता है.
मुख्य सड़क से सटे होने के कारण इस शिवालय में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले श्रद्धालु भी दर्शन के लिए पहुंचते हैं. सुबह से ही भक्तों का आना शुरू हो जाता है और दिनभर 'बोलबम' के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहता है.
दर्शन मात्र से पूरी होती हैं मनोकामनाएं
स्थानीय लोगों की मान्यता है कि इस शिवालय में भगवान शिव के दर्शन मात्र से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और बंद किस्मत के द्वार खुल जाते हैं. इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु यहां नियमित रूप से जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और शिव स्तुति करते हैं. आसपास के मोहल्लों के अलावा दूर-दराज के लोग भी अपनी मनोकामना लेकर यहां पहुंचते हैं.
रुद्राभिषेक के लिए दूर-दूर से आते हैं श्रद्धालु
मंदिर से जुड़े बुजुर्गों के अनुसार, सच्चे मन से किए गए रुद्राभिषेक और पूजन-अनुष्ठान से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. इसी आस्था के कारण यहां वर्षभर रुद्राभिषेक कराया जाता है. सावन महीने में इसकी विशेष महत्ता रहती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अनुष्ठान कराते हैं.
60 वर्ष पुराना है शिवालय
महामाया मंदिर परिसर स्थित इस शिवालय का इतिहास लगभग 60 वर्ष पुराना है. मंदिर के पुजारी अभयकांत झा बताते हैं कि इसकी स्थापना वर्ष 1966 में हुई थी. उसी समय भगवान शिव के शिवलिंग के साथ माता पार्वती, भगवान गणेश और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी.
श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर परिसर में कुछ समय बैठकर पूजा-अर्चना करने से मन को अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है. यही कारण है कि यह शिवालय आज भी पूर्णिया के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए है.
और पढ़ें : पूर्णिया पुलिस महकमे में बड़ी फेरबदल , एसएसपी के निर्देश पर 21 थानों में बदली कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अखिलेश चंद्रा
अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










