पूर्णिया: महागणपति महोत्सव में सजी गजल की महफिल, अंजेश और सुप्रिया के गीतों पर झूमे श्रोता
गुलाबबाग में 28वें महागणपति महोत्सव के अवसर पर 'भाई ग्रुप' द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गजल गायक अंजेश आनंद और गायिका सुप्रिया राज ने अपने गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. गणेश वंदना से शुरू हुए इस कार्यक्रम में 'पान खाए सैयां हमार' जैसे सदाबहार गीतों पर दर्शक झूम उठे.
पूर्णिया. गुलाबबाग में आयोजित 28वें महागणपति महोत्सव के अवसर पर ‘भाई ग्रुप’ के तत्वावधान में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई. इसके बाद गजल गायक अंजेश आनंद और गायिका सुप्रिया राज ने एक के बाद एक प्रस्तुतियां देकर संगीतप्रेमियों को देर तक बांधे रखा.
गणेश वंदना से हुआ सांस्कृतिक संध्या का आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई. इससे पहले आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान ने कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने महागणपति महोत्सव के धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की परंपरा और कलाकारों की प्रस्तुतियों का स्वागत किया.
‘पान खाए सैयां हमार’ पर झूमे श्रोता
गायिका सुप्रिया राज ने फणीश्वर नाथ रेणु की चर्चित फिल्म ‘तीसरी कसम’ के सदाबहार गीत ‘पान खाए सैयां हमार’ की प्रस्तुति दी तो दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी. कई श्रोता उत्साह में हवा में रुमाल लहराते नजर आए. इसके बाद ‘सजन रे झूठ मत बोलो’, ‘दुनिया बनाने वाले’ और देशभक्ति से ओतप्रोत ‘चिट्ठी आई है’ सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति ने सांस्कृतिक पंडाल का माहौल और खुशनुमा बना दिया.
अंजेश आनंद की गजलों ने बांधा समां
गजल गायक अंजेश आनंद ने अपनी सुरीली आवाज में गजलों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया. उनकी गायकी पर पंडाल में मौजूद संगीतप्रेमियों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया. गजल और फिल्मी गीतों के संगम ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया.
वाद्ययंत्रों पर कलाकारों ने दी शानदार संगत
कार्यक्रम के दौरान हारमोनियम एवं अन्य वाद्ययंत्रों पर संजय, पल्लवी बाप्पा, धर्मेंद्र और आशुतोष ने शानदार संगत दी. मंच संचालन रोशन राज ने किया, जबकि सांस्कृतिक संध्या का संयोजन पूजा समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी ‘छोटा बिहारी बाबू’ ने किया.
समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्वागत अध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी राजेश झा, उपाध्यक्ष सुनील सन्नी, वार्ड पार्षद राकेश राय, मेला प्रभारी अनिल शर्मा, सदस्य अरविंद पासवान, अनिल राम, गुरुदेव पासवान, धीरज सिंह, संजय सिंह, दिलीप पोद्दार सहित बड़ी संख्या में समिति के कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए