कमाने गया था छत्तीसगढ़, बनमनखी का इकलौता बेटा खाई में गिरकर जान गंवा बैठा

Updated:
विज्ञापन

मृतक का फाइल फोटो  | Prabhat Khabar Network

रोजगार की तलाश में छत्तीसगढ़ कमाने गए पूर्णिया के प्रिंस कुमार की खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. यह खबर उसके घर पहुंचते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. एक साल पहले हुई शादी के बाद यह पहला मौका था जब प्रिंस घर से दूर कमाने गया था.

विज्ञापन

Purnea News: पूर्णिया. घर की आर्थिक तंगी दूर करने और परिवार का सहारा बनने का सपना लेकर छत्तीसगढ़ गया एक युवक कभी वापस नहीं लौट सका. बनमनखी प्रखंड के पिपरा पंचायत निवासी 20 वर्षीय प्रिंस कुमार की खाई में गिरने से मौत हो गई. यह खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, पूरे परिवार की दुनिया उजड़ गई. माता-पिता सदमे में हैं, नवविवाहिता पत्नी बार-बार बेसुध हो रही है और पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है.

प्रिंस करीब पांच महीने पहले रोजी-रोटी की तलाश में छत्तीसगढ़ गया था. परिवार को उम्मीद थी कि वह मेहनत कर घर की स्थिति सुधारेगा, लेकिन शनिवार शाम आए एक फोन कॉल ने सभी उम्मीदों को तोड़ दिया. गांव में यह खबर फैलते ही लोगों की भीड़ उसके घर के बाहर जुट गई और पिपरा पंचायत के वार्ड संख्या 4 में मातम का माहौल बन गया.

पांच महीने पहले कमाने गया था प्रिंस

मृतक प्रिंस कुमार गांव के पप्पू साह का इकलौता बेटा था. परिजनों के अनुसार वह छत्तीसगढ़ की एक मंडी में मजदूरी का काम करता था. वहीं से उसकी कमाई से घर का खर्च चलने की उम्मीद थी.

बताया गया कि जिस मंडी में वह काम करता था, उसके पीछे एक गहरी खाई थी. आशंका है कि काम के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया. काफी खोजबीन के बाद उसका शव खाई से बरामद किया गया.

सबसे पहले बहनोई को मिली हादसे की सूचना

घटना की जानकारी सबसे पहले उसके बहनोई रंजीत कुमार को मिली, जो उसी क्षेत्र में घटना स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर काम कर रहे थे. सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और फिर परिजनों को इस दर्दनाक हादसे की जानकारी दी.

परिवार को बताया गया कि प्रिंस का शव एंबुलेंस से उसके गांव के लिए रवाना कर दिया गया है. देर रात तक शव के गांव पहुंचने की संभावना जताई गई.

एक साल पहले हुई थी शादी, अधूरा रह गया साथ निभाने का सपना

इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू उसकी पत्नी की स्थिति है. प्रिंस की शादी महज एक वर्ष पहले जादूवां पट्टी गांव में हुई थी. वैवाहिक जीवन की शुरुआत के कुछ ही समय बाद वह परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए छत्तीसगढ़ कमाने चला गया था.

अब उसके लौटने की जगह उसकी अर्थी गांव पहुंचने वाली है. परिजनों के अनुसार नवविवाहिता पत्नी लगातार रो रही है और बार-बार बेसुध हो जा रही है. पति के साथ जीवन बिताने का उसका सपना अचानक टूट गया.

माता-पिता का इकलौता सहारा छिन गया

प्रिंस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. बेटे की मौत की खबर सुनते ही दोनों गहरे सदमे में चले गए. परिजनों के अनुसार वे बार-बार बेहोश हो जा रहे हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है.

घर से उठती चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो गए. गांव के बुजुर्गों और महिलाओं ने परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश की, लेकिन हर किसी की आंखें नम थीं.

Purnea News:गांव में अंतिम दर्शन का इंतजार

पिपरा पंचायत के लोगों का कहना है कि प्रिंस मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था. उसकी असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है. अब सभी की नजरें उस पल पर टिकी हैं, जब उसका पार्थिव शरीर गांव पहुंचेगा और उसे अंतिम विदाई दी जाएगी.

यह हादसा उन हजारों परिवारों की पीड़ा को भी सामने लाता है, जिनके युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाते हैं और अक्सर असुरक्षित परिस्थितियों में काम करने को मजबूर होते हैं.

Also Read: 11 अगस्त के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर? बांकीपुर उपचुनाव में BJP क्यों हारी और RJD के लिए कैसे बढ़ा खतरा

Also Read: बिहार के 15 जिले बाढ़ प्रभावित, 2 हजार गांव हाई रिस्क जोन में, CM सम्राट ने नदियों को लेकर बताया प्लान


विज्ञापन
अभिषेक भास्कर

लेखक के बारे में

By अभिषेक भास्कर

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन