पूर्णिया में सजेगा नौकरियों का महाबाजार! जुटेगी देश भर की कंपनियों की फौज, 15 हजार युवाओं की किस्मत का होगा फैसला

Updated:
विज्ञापन

फोटो- तैयारी का जायजा लेते सांसद पप्पू यादव | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया में 30 अगस्त को रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य कोसी-सीमांचल के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करना है. सांसद पप्पू यादव ने तैयारियों का जायजा लिया है और 15 हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है. इस मेले में युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर मिलेंगे.

विज्ञापन

पूर्णिया. कोसी-सीमांचल के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 अगस्त को इंदिरा गांधी स्टेडियम, पूर्णिया में रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा. मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. शनिवार को पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों व आयोजन से जुड़ी टीम को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

सांसद ने लिया तैयारियों का जायजा

सांसद पप्पू यादव ने मेला स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों एवं संबंधित टीम से तैयारियों की जानकारी ली. उन्होंने युवाओं के पंजीकरण, बैठने, मार्गदर्शन, पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर निर्देश दिये.उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. रोजगार मेले के आयोजन में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी.

15 हजार से अधिक युवाओं के पहुंचने का दावा

सांसद ने कहा कि रविवार को आयोजित होने वाले रोजगार मेले में कोसी-सीमांचल क्षेत्र से 15 हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है. उनके अनुसार यह मेला क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और करियर के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा. उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश में युवाओं को दूसरे शहरों और राज्यों की ओर जाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है. इसी उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है.

योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार का मिलेगा अवसर

रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों और नियोक्ताओं के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा.सांसद ने कहा कि रोजगार मेला केवल नौकरी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह कोसी-सीमांचल के युवाओं को कंपनियों और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का माध्यम बनेगा.

हर प्रमंडल में रोजगार मेले के आयोजन की तैयारी

पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार मेला-2026 के बाद आने वाले समय में बिहार के प्रत्येक प्रमंडल में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना है.उन्होंने कहा कि कोसी-सीमांचल के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है. जरूरत उन्हें सही अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराने की है. रोजगार मेला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.

युवाओं के लिए व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

सांसद ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला स्थल पर आने वाले युवाओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो. पंजीकरण से लेकर कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत और चयन प्रक्रिया तक आवश्यक मार्गदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्था पहले से मजबूत रखी जानी चाहिए, ताकि रोजगार मेले का लाभ अधिक से अधिक युवा उठा सकें.

इसे भी पढ़ें: बिहार BPSC TRE 4 फॉर्म कैसे भरें? जानिए रजिस्ट्रेशन से लेकर फीस पेमेंट की पूरी प्रोसेस


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन