बचपन में मां छूटी, 3 साल पहले पिता... अब 22 साल के इकलौते बेटे की भी मौत; पूर्णिया में काल बना बेलगाम ट्रक
फोटो: घटना स्थल पर जुटी लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
आमबाड़ी गांव में 22 वर्षीय क्रिष कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई. माता-पिता के निधन के बाद दादा-दादी ने पाला था, वे भी अब गहरे सदमे में हैं. इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है.
बैसा, पूर्णिया. बैसा प्रखंड क्षेत्र के रायबेर पंचायत अंतर्गत आमबाड़ी गांव निवासी 22 वर्षीय क्रिष कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गयी. आमबाड़ी चौक के समीप ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैसा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया. परिजन उसे पूर्णिया ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.
आपके शहर में
माता-पिता के निधन के बाद दादा-दादी ने पाला
मृतक क्रिष कुमार स्व. राजू चौधरी और स्व. कैली देवी का इकलौता पुत्र था. परिजनों के अनुसार उसकी मां की बचपन में ही बीमारी के कारण मौत हो गई थी. वहीं करीब तीन वर्ष पहले उसके पिता राजू चौधरी का भी निधन हो गया था. माता-पिता के निधन के बाद दादा मोहन लाल चौधरी और दादी विणेश्वरी देवी ने उसका पालन-पोषण किया. क्रिष पंजाब में मजदूरी करता था और मेहनत कर परिवार का सहारा बना हुआ था.
तीन माह पहले हुई थी शादी
क्रिष कुमार की शादी करीब तीन माह पहले नीलम देवी के साथ हुई थी. शादी के बाद वह घर पर रह रहा था. परिवार में शादी की खुशियां अभी बनी ही हुई थीं कि सड़क हादसे की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. पति की मौत के बाद पत्नी नीलम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया.
इकलौते पोते की मौत से दादा-दादी सदमे में
क्रिष की मौत से उसके दादा मोहन लाल चौधरी और दादी विणेश्वरी देवी भी गहरे सदमे में हैं. जिस पोते को उन्होंने माता-पिता के निधन के बाद पाल-पोसकर बड़ा किया, उसकी अचानक मौत ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है.
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
हादसे की खबर मिलते ही आमबाड़ी गांव में मातम पसर गया. ग्रामीणों ने बताया कि क्रिष कुमार मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था. उसकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी बेहद दुखद है कि क्रिष अपने पीछे नवविवाहिता पत्नी को छोड़ गया है और माता-पिता के बाद दादा-दादी के परिवार का भी वह महत्वपूर्ण सहारा था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए