केनगर में पीडीएस डीलर के पति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने एक-दूसरे पर लगाए हत्या के आरोप

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद रोते बिलखते परिजन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Kenagar Suspicious Death: पूर्णिया के केनगर में पीडीएस डीलर के पति यशवंत पासवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पत्नी और परिजनों ने एक-दूसरे पर हत्या के आरोप लगाए हैं. पुलिस एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

विज्ञापन

केनगर से शहजादा हसन की रिपोर्ट:

Kenagar Suspicious Death: केनगर थाना क्षेत्र के गणेशपुर पंचायत अंतर्गत बैरगाछी गांव (वार्ड संख्या-1) में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर के पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय यशवंत पासवान उर्फ नेहरू के रूप में हुई है. घटना के बाद पत्नी और परिजनों ने एक-दूसरे पर हत्या के आरोप लगाए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सात वर्षों से संभाल रहे थे पीडीएस दुकान का संचालन

जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी फूल कुमारी देवी के नाम से गणेशपुर वार्ड संख्या-9 में जन वितरण प्रणाली की दुकान संचालित होती है. पिछले सात वर्षों से इस दुकान का संचालन यशवंत पासवान ही कर रहे थे. इसके अलावा वह जीएमसीएच पूर्णिया में सुरक्षा गार्ड के पद पर भी कार्यरत थे.

विज्ञापन

तबीयत खराब होने की बात कहकर पैतृक घर छोड़ने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि बीती रात फूल कुमारी देवी तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ ऑटो से यशवंत को उनके पैतृक गांव बैरगाछी लेकर पहुंचीं. उन्होंने अपनी 70 वर्षीय सास गिरजा देवी से कहा कि यशवंत की तबीयत खराब है और वह बच्चों के पास गणेशपुर लौट रही हैं.

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी तबीयत

बताया जाता है कि सोमवार सुबह यशवंत की तबीयत और बिगड़ गई. इसकी सूचना मिलने पर परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शव घर पहुंचने के बाद मामला और गंभीर हो गया तथा दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए.

दोनों पक्षों ने लगाए हत्या के आरोप

मृतक की पत्नी फूल कुमारी देवी ने अपने जेठों पर पति की हत्या का आरोप लगाया है. वहीं मृतक की मां गिरजा देवी और भाइयों ने फूल कुमारी देवी पर ही हत्या की आशंका जताई है.

परिजनों का दावा है कि मृतक के शरीर, विशेषकर कूल्हे और पैर के समीप, गहरे चोट के निशान थे. हालांकि पुलिस ने अभी तक चोटों या मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि मृतक की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है.

एसडीपीओ ने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

जनप्रतिनिधियों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर जदयू प्रखंड युवा अध्यक्ष दाऊद आलम, मोहम्मद इजहार आलम (फौजी), गणेशपुर मुखिया अंजनी पासवान तथा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मोहम्मद मुर्तजा आलम मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मामले का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की. साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया.

फिलहाल पूरे इलाके में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

और पढ़ें: पूर्णिया की गुलाबबाग मंडी में मक्का के दाम स्थिर, इस सप्ताह तेजी की संभावना

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन