प्रभात खबर के खुलासे पर एक्शन! कसबा के स्कूल में फीस वसूली मामले की जांच शुरू, DM ने भेजी टीम
फोटो- प्लस टू केडी कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, कसबा.| Prabhat Khabar Network
कसबा के केडी कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में मैट्रिक-इंटर फॉर्म भरने के नाम पर अवैध वसूली की जांच शुरू, डीपीओ ने छात्राओं से की पूछताछ।
पूर्णिया, कसबा. कसबा के प्लस टू केडी कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में मैट्रिक और इंटर परीक्षा के प्रपत्र भरने के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने के मामले में जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. प्रभात खबर में प्रकाशित समाचार को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर मंगलवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) दिव्यश्री रॉय विद्यालय पहुंचीं और पूरे मामले की जांच की. जांच के दौरान छात्राओं से सीधे बातचीत कर परीक्षा प्रपत्र भरने के समय ली गयी राशि की जानकारी जुटायी गयी.
डीपीओ ने छात्राओं से सीधे ली शुल्क की जानकारी
जांच के दौरान डीपीओ दिव्यश्री रॉय ने मैट्रिक और इंटर की छात्राओं से बातचीत की. उन्होंने छात्राओं से पूछा कि परीक्षा प्रपत्र भरने के लिए उनसे कितनी राशि ली गयी और निर्धारित शुल्क कितना था. छात्राओं से मिली जानकारी को जांच के दौरान दर्ज किया गया. इसके आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने की स्थिति किन परिस्थितियों में बनी.
शिक्षक-शिक्षिकाओं से भी हुई पूछताछ
डीपीओ ने विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं से भी पूरे मामले को लेकर पूछताछ की. परीक्षा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, शुल्क जमा करने की व्यवस्था और छात्राओं से राशि लिए जाने से संबंधित जानकारी ली गयी. जांच के दौरान सामने आये तथ्यों और छात्राओं से प्राप्त जानकारी के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है.
निर्धारित शुल्क और वास्तविक वसूली का होगा मिलान
जांच में मुख्य रूप से निर्धारित परीक्षा शुल्क और छात्राओं से ली गयी वास्तविक राशि का मिलान किया जा रहा है. प्रशासन यह भी जानने का प्रयास कर रहा है कि यदि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली गयी है तो इसकी जानकारी किस स्तर पर थी और राशि वसूली की प्रक्रिया किसके निर्देश पर संचालित हुई.
जांच पूरी होने के बाद डीएम को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
डीपीओ (मध्याह्न भोजन) दिव्यश्री रॉय ने बताया कि जिला पदाधिकारी के आदेश पर मंगलवार को विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की गयी है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी करने के बाद जल्द ही रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को सौंप दी जाएगी. रिपोर्ट में जांच के दौरान सामने आये तथ्यों और संबंधित पक्षों से प्राप्त जानकारी को शामिल किया जाएगा.
जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी आगे की कार्रवाई
अब पूरे मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगी. रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्राओं से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली गयी थी या नहीं और यदि अधिक राशि वसूली गयी तो इसके लिए जिम्मेदारी किस स्तर पर तय होती है. फिलहाल जिला प्रशासन की जांच पर छात्राओं, अभिभावकों और विद्यालय से जुड़े लोगों की नजरें टिकी हैं.
Also Read : पटना में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, डाकबंगला से भट्टाचार्य रोड जाने वाला रास्ता बंद, जानें वैकल्पिक रास्ते
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए