ट्रैक्टर चालकों से अवैध वसूली करते फर्जी डीटीओ पकड़ा गया, लोगों ने की पिटाई, पुलिस ने हिरासत में लिया
फोटो- 112 पुलिस की टीम आरोपी को थाना ले जाती | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया में ट्रैक्टर चालकों से अवैध वसूली करने वाले एक फर्जी डीटीओ को लोगों ने पकड़कर जमकर पीटा. आरोपी की पहचान सोनू सिंह के रूप में हुई है. जनसुराज नेताओं ने भी अवैध वसूली का आरोप लगाया है.
Purnia Fake DTO Arrest: पूर्णिया. मधुबनी थाना और केनगर थाना क्षेत्र की सीमा स्थित भुटाहा मोड़ के पास गुरुवार को ट्रैक्टर चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली कर रहे एक फर्जी डीटीओ को लोगों ने पकड़ लिया. आरोपी की पहचान शहर के सुभाषनगर निवासी सोनू सिंह के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर मधुबनी थाना ले गयी.
खुद को डीटीओ बताकर कर रहा था वसूली
जानकारी के अनुसार आरोपी कभी खुद को जिला परिवहन पदाधिकारी तो कभी डीटीओ कार्यालय का कर्मचारी बताकर ट्रैक्टर चालकों से कथित रूप से कई दिनों से अवैध वसूली कर रहा था. गुरुवार को भी वह ट्रैक्टर चालकों से पैसे मांग रहा था, तभी चालकों को उस पर शक हुआ.
ट्रैक्टर चालकों ने पकड़कर की पिटाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब दो दर्जन ट्रैक्टर चालकों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलने के बाद 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर थाना ले गई.
जनसुराज नेता ने लगाया अवैध वसूली का आरोप
जनसुराज के जिला महामंत्री अमरनाथ उपाध्याय ने बताया कि इस मार्ग पर परिवहन विभाग की ओर से समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाया जाता है. इसी का फायदा उठाकर आरोपी खुद को डीटीओ या डीटीओ कार्यालय का कर्मी बताकर ट्रैक्टर चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली कर रहा था. उन्होंने दावा किया कि घटना के समय आरोपी ने करीब दो दर्जन ट्रैक्टर रोक रखे थे.
पुलिस बोली- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
Purnia Fake DTO Arrest: मधुबनी थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि ट्रैक्टर चालकों से अवैध वसूली की सूचना मिलने पर युवक को थाना लाया गया है. फिलहाल इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए