किसी असामान्य लक्षण को न करें नजरअंदाज, समय पर कराएं जांच : डा. अनुराधा सिन्हा
Published by : AKHILESH CHANDRA Updated At : 05 Feb 2026 5:46 PM
कैंसर पर चलाया अवेयरनेस अभियान
पूर्णिया ऑफ्स एण्ड गायनी सोसायटी ने कैंसर पर चलाया अवेयरनेस अभियान
शहर में अलग-अलग संस्थानों में लोगों को जागरुकर बताए बचाव के उपाय
महिला चिकित्सकों ने कैंसर के लक्षण व शुरुआती पहचान पर किया फोकस
पूर्णिया. पूर्णिया ऑफ्स एण्ड गायनी सोसायटी के तत्वावधान में कैंसर दिवस के अवसर पर जागरूकता सप्ताह के रूप में मनाया गया. इसके तहत खास तौर पर महिलाओं को जागरुक करते हुए सोसाइटी की सचिव डा. अनुराधा सिन्हा ने बताया कि जल्दी पता चलने से जान बचती है. इसलिए किसी भी असामान्य लक्षण को नज़रअंदाज़ न करें और समय पर जांच व उपचार कराएं. डॉ अनुराधा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर एक ऐसा कैंसर है जिससे किसी भी महिला की मृत्यु नहीं होनी चाहिए. सही समय पर वैक्सीनेशन और स्क्रीनिंग से इसे लगभग पूरी तरह रोका जा सकता है. भारत में सर्वाइकल कैंसर की स्थिति बिकराल होती जा रही है. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है..इससे पहले ऑफ्स एण्ड गायनी सोसायटी की अध्यक्ष डॉ विभा झा ने कैंसर के विभिन्न स्वरुपों पर चर्चा कीऔर बताया कि ओवेरियन कैंसर के शुरुआती संकेत अक्सर सामान्य लगते हैं, इसलिए सावधानी ज़रूरी है. अगर पेल्विक दर्द,बार-बार पेशाब आना,भूख में कमी,अत्यधिक थकान,वज़न कम होना,लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो जांच कराना अनिवार्य हो जा जाता है.कार्यक्रम में कन्वेंनर के रूप में मौजूद डॉ आशा सिंह ने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नज़रअंदाज़ करना घातक हो सकता है. अगर ब्रेस्ट या बगल में गांठ,ब्रेस्ट की त्वचा में डिंपल या टेक्सचर में बदलाव,निप्पल का अंदर की ओर मुड़ना या निप्पल से डिस्चार्ज,ब्रेस्ट के आकार या साइज़ में बदलाव, ब्रेस्ट में दर्द, लालिमा या सूजन,अगर ये लक्षण सामान्य से अधिक समय तक बने रहें, तो डॉक्टर से तुरंत परामर्श लेने की पहल करें. डॉ रिचा झा ने सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता पर ज़ोर देते हुए कहा कि असामान्य वेजाइनल डिस्चार्ज, असामान्य वेजाइनल ब्लीडिंग, भारी और लंबा मासिक धर्म,पेल्विक पेन,अचानक वज़न कम होना,पेशाब या मल पर नियंत्रण में दिक्कत,पैर में दर्द या संभोग के दौरान दर्द या बेचैनी के लक्षण दिखने पर देरी न कर चिकित्सकीय सलाह लें.
अवेयरनेस कार्यक्रम के दौरान महिला चिकित्सकों ने कैंसर के लक्षण व शुरुआती पहचान के बारे में बताया. डॉ रिमा सरकार ने कहा कि भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है. हर मिनट लगभग 8 महिलाएं इस बीमारी से प्रभावित होती हैं. डॉ अर्पण झा व डॉ सीपीका ने चपीवी वैक्सीन के डोज बताए. इस अवसर पर डॉ रूचि सौम्या, डॉ प्रिया सिंह, डॉ प्रियंका सिंह, डॉ प्रियंका कुमारी , डॉ शिल्पी चौधरी यादव, डॉ सुष्मिता सौरभ, डॉ डॉ प्रेरणा प्रियदर्शी, डॉ नुपुर सिंह आदि चिकित्सकों ने भी बचाव के उपाय बताए. यह कार्यक्रम क्रमवार रुप से तेरापंथ भवन गुलावबाग, तेरापंथ भवन भट्ठा बाजार, विद्या विहार परोरा, दुन पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज मोंटेसरी स्कूल, कांग्रेस ऑफिस के सामने, पॉलिटेक्निक चौक के पास, खुश्कीबाग वेल फ्यूचर एकेडमी में आयोजित किया गया. इसके अलावा तेरापंथ भवन गुलाबबाग और तेरापंथ भवन भट्ठा बाजार में महिला मोर्चा द्वारा स्क्रीनिंग व पैक्स मेयर का निःशुल्क जांच की व्यवस्था की गई थी. कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी जांच करायी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










