पूर्णिया में 4 करोड़ का स्मैक बरामद, सरगना और चार महिलाओं समेत छह तस्कर गिरफ्तार
प्रेस को संबोधित करते हुए
पूर्णिया पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य का स्मैक बरामद किया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के कथित मुख्य सरगना, चालक और चार महिलाओं समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है.
पूर्णिया. नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब चार करोड़ रुपये मूल्य का स्मैक बरामद किया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के कथित मुख्य सरगना, चालक और चार महिलाओं समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, तस्कर जांच से बचने के लिए चार पहिया वाहन में महिलाओं को साथ बैठाकर नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाते थे. बरामद खेप पश्चिम बंगाल से लाकर कुर्सेला-टीकापट्टी के रास्ते रूपौली पहुंचायी जा रही थी.
आपके शहर में
वाहन जांच के दौरान किआ कार से पकड़े गए छह तस्कर
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन ने प्रेसवार्ता में बताया कि एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर बनमनखी एसडीपीओ एवं धमदाहा एसडीपीओ प्रभारी शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में पुलिस और दंडाधिकारी की विशेष टीम गठित की गयी थी.
विशेष टीम ने तीनटंगा मोड़ के पास रूपौली-टीकापट्टी मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान सफेद रंग की किआ कार संख्या बीआर-11बीएक्स-7042 को रोककर तलाशी ली गयी. पुलिस के अनुसार कार में सवार दो पुरुष और चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया.
2130.90 ग्राम स्मैक और 40,260 रुपये नकद बरामद
पुलिस के अनुसार, कार की तलाशी के दौरान कुल 2130.90 ग्राम स्मैक बरामद किया गया. इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी गयी है. इसके अलावा 40,260 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही किआ कार भी जब्त की गयी है.
पुलिस का कहना है कि जब्त मोबाइल फोन की जांच के दौरान बड़ी राशि के लेनदेन से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं. इसके आधार पर पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है.
मुख्य सरगना और चालक समेत चार महिलाएं गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में रूपौली निवासी बबलू यादव के पुत्र शेखर कुमार को पुलिस ने कथित मुख्य सरगना बताया है. वहीं रूपौली निवासी पुलिस मेहता के पुत्र विष्णु कुमार को कार का चालक बताया गया है.
गिरफ्तार चार महिलाओं की पहचान कटिहार जिले के कुर्सेला निवासी शांति देवी और शोभा देवी तथा पोठिया निवासी इंदु देवी और मीणा देवी के रूप में हुई है.
शेखर का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शेखर कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ रूपौली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. पुलिस अब उसके पुराने मामलों और वर्तमान तस्करी नेटवर्क के बीच संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है.
सीमांचल में फैले नेटवर्क की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की खेप पश्चिम बंगाल से लायी गयी थी और इसे कुर्सेला-टीकापट्टी के रास्ते रूपौली पहुंचाया जा रहा था. पुलिस अब इस संगठित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और सीमांचल में फैले नेटवर्क की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
कार्रवाई में शामिल रहे ये अधिकारी और जवान
कार्रवाई में एसडीपीओ बनमनखी शैलेश प्रीतम, राजस्व अधिकारी अमित कुमार, रूपौली थानाध्यक्ष अभय रंजन, टीकापट्टी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार, परि. पु. अ. नि. धर्मवीर कुमार, पु.स.अ.नि. रीना कुमारी, बीएसएपी हवलदार शंभू पासवान और सिपाही निरंजन पासवान शामिल रहे.
Also Read : MLC चुनाव में अनंत सिंह ने बदला समीकरण, नीरज कुमार के सामने डॉ. अनुज सिंह का समर्थन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए