एनएच-27 पर अनियंत्रित होकर पलटी अपाचे बाइक, दो युवक गंभीर, मासूम भी घायल
एंबुलेंस से ले जाये जाते अररिया के घायल
जलालगढ़ के एनएच-27 पर अपाचे बाइक पलटने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और एक बच्चा भी जख्मी हुआ. पुलिस ने बाइक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जलालगढ़ (पूर्णिया) से निकेश राय की रिपोर्ट
आपके शहर में
जलालगढ़ : पूर्णिया जिले के जलालगढ़ स्थित एनएच-27 पर बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि करीब दो वर्ष का एक बच्चा भी जख्मी हो गया. तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर किया गया है.
फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब एक बजे बिना निबंधन संख्या वाली नई लाल रंग की अपाचे बाइक अररिया से पूर्णिया की ओर जा रही थी. बाइक पर चालक सहित दो युवक और एक मासूम बच्चा सवार थे. जलालगढ़ फ्लाईओवर के दक्षिणी छोर पर पीसीएल गेट के समीप बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालगढ़ पहुंचाया. सूचना मिलते ही जलालगढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना ले गई. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली.
दो युवकों की हालत गंभीर
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सह जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. मो. तनवीर हैदर ने बताया कि घायलों में एक की उम्र लगभग 32 से 34 वर्ष और दूसरे की उम्र 24 से 25 वर्ष के बीच है. दोनों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जीएमसीएच पूर्णिया रेफर किया गया है. वहीं घायल बच्चा खतरे से बाहर बताया जा रहा है.
पहचान में जुटी पुलिस
जलालगढ़ थाना के पुअनि राजेश्वर राम ने बताया कि घायलों के पास से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसके सिम कार्ड के आधार पर उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है. बाइक से मिले दस्तावेजों के आधार पर आशंका है कि घायल अररिया जिले के ताराबाड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए