मच्छट्टा में शुरू हुआ राजकीय महाविद्यालय, अमौर के छात्रों को मिली उच्च शिक्षा की सौगात

Author Sunil Kumar|Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन
अमौर के मच्छट्टा में राजकीय महाविद्यालय का शानदार उद्घाटन, सीएम सम्राट चौधरी ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी

विधायक का गुलदस्ता देकर स्वागत करते प्राचार्य

पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय में बुधवार से कक्षाएं शुरू हो गईं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन किया. यह कॉलेज स्थानीय छात्रों, विशेषकर बेटियों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाएगा.

विज्ञापन

पूर्णिया : जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत मच्छट्टा में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय में बुधवार से विधिवत वर्ग संचालन शुरू हो गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाविद्यालय का उद्घाटन कर इसकी शुरुआत की. कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, अधिकारियों, बुद्धिजीवियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही.

दीप प्रज्वलित कर हुआ स्थानीय कार्यक्रम का शुभारंभ.

महाविद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ अमौर विधायक सह एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान, पूर्णिया विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण पदाधिकारी प्रो. अरविंद कुमार वर्मा तथा अनुमंडल भूमि सुधार उपसमाहर्ता रोशन राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया.

उच्च शिक्षा के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा.

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि अमौर जैसे पिछड़े क्षेत्र में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि है. इससे क्षेत्र के गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए जिला मुख्यालय या दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने कॉलेज की शुरुआत के लिए सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार जताया.

बेहतर शैक्षणिक माहौल देने का भरोसा.

छात्र कल्याण पदाधिकारी प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि सत्र नियमित रखने के उद्देश्य से पहले दिन से ही वर्ग संचालन शुरू कर दिया गया है.

शिक्षकों की कमी के बीच शुरू हुई पढ़ाई.

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवेंद्र पाठक ने बताया कि फिलहाल शिक्षकों की बहाली प्रक्रिया जारी है. इसके बावजूद अंग्रेजी की कक्षाएं स्वयं उनके द्वारा तथा अर्थशास्त्र की कक्षाएं डॉ. संजय कुमार दास द्वारा संचालित की जाएंगी. उन्होंने बताया कि वर्तमान में इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, हिंदी और अंग्रेजी सहित छह विषयों में नामांकन की व्यवस्था की गई है. तीसरी सूची तक 92 छात्रों का नामांकन हो चुका है, जबकि चौथी सूची जारी होने के बाद अन्य छात्रों का भी दाखिला लिया जाएगा.

मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित है महाविद्यालय.

कॉलेज परिसर में छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय, छह कक्षाओं में बेंच-डेस्क की व्यवस्था सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. डीसीएलआर रोशन राज ने कॉलेज परिसर की सुरक्षा, पहुंच पथ और अन्य नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया.

उद्घाटन समारोह में प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि अफसर नदवी, मुखिया इंतखाब आलम, सहायक प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार दास, राजीव कुमार, फरहान यज़दानी, तारिक अनवर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

और पढ़ें : श्रीनगर को मिली डिग्री महाविद्यालय की सौगात, प्रखंड स्तर पर उच्च शिक्षा का खुला नया द्वार


विज्ञापन
Sunil Kumar

लेखक के बारे में

By Sunil Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन