बिहार में PG छात्रों को हर महीने मिलेंगे 1.12 लाख, सरकार ने दिया तोहफा, जानिए कब से मिलेगा नया मानदेय
निशांत कुमार, स्वास्थ्य मंत्री
PG Medical Students Honorarium Hike: बिहार सरकार ने सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों के पीजी छात्रों का मानदेय बढ़ा दिया है. नई दरें 1 जनवरी 2026 से लागू होंगी. सरकार का कहना है कि इससे छात्रों को आर्थिक राहत मिलेगी और राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी.
पटना से अनुराग प्रधान की रिपोर्ट
PG Medical Students Honorarium Hike: बिहार सरकार ने राज्य के सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई कर रहे छात्रों को राहत दी है. स्वास्थ्य विभाग ने पीजी छात्रों के मानदेय में बढ़ोतरी की है. संशोधित मानदेय की नई दरें एक जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी.
कितना मिलेगा हर महीने मानदेय?
नई व्यवस्था के तहत पीजी के फर्स्ट ईयर के छात्रों को 92,800 रुपये, सेकंड ईयर के छात्रों को 1,02,000 रुपये और थर्ड ईयर के छात्रों को 1,12,200 रुपये हर महीने मानदेय मिलेगा. इससे पहले पीजी छात्रों को फर्स्ट ईयर में 82,000 रुपये, सेकंड ईयर में 90,200 रुपये और थर्ड ईयर में 99,220 रुपये हर महीने मानदेय दिया जा रहा था.
क्या मानना है सरकार का?
स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले से राज्य के सरकारी चिकित्सा और डेंटल कॉलेजों में पढ़ रहे पीजी छात्रों को ट्रेनिंग और सर्विस पीरियड के दौरान बेहतर आर्थिक सहयोग मिलेगा. सरकार का मानना है कि इससे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ मानव संसाधन तैयार करने को बढ़ावा मिलेगा.
विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करना सरकार की प्राथमिकता
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि बिहार में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है. पीजी छात्र भविष्य के विशेषज्ञ चिकित्सक हैं और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. मानदेय बढ़ने से उन्हें प्रोत्साहन मिलेगा और चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर माहौल तैयार होगा.
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल मेडिकल संस्थानों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सकीय मानवबल तैयार करना है, जो बिहार के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा सके.
स्वास्थ्य मंत्री ने और क्या कहा?
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता, मेडिकल कॉलेजों की आधारभूत संरचना और चिकित्सकीय मानव संसाधन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है. बेहतर ट्रेनिंग और सुविधाओं के जरिए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. मानदेय में यह बढ़ोतरी पीजी छात्रों के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ बिहार में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए