UPSC रिजल्ट: टॉप-10 में बिहार के दो लाल, समस्तीपुर के किराना दुकानदार का बेटा बना IAS
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 06 Mar 2026 5:54 PM
उज्ज्वल प्रियांक और राघव झुझुनवाला की तस्वीर
UPSC Toppers From Bihar: UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है. राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है. वहीं बिहार के कई उम्मीदवारों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, जिनमें मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला टॉप-5 में शामिल हैं.
UPSC Toppers From Bihar: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. इस बार राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है. वहीं बिहार के कई छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप रैंक में जगह बनाई है.
958 उम्मीदवार हुए सफल
UPSC की ओर से जारी अंतिम परिणाम में कुल 958 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न सेवाओं के लिए किया गया है. सफल उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत कई केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी.
पूरा रिजल्ट UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर उपलब्ध है. देशभर के हजारों उम्मीदवार इस रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे.
अनुज अग्निहोत्री बने देश के टॉपर
इस बार राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है. उनकी इस सफलता से पूरे राज्य में खुशी का माहौल है. UPSC परीक्षा को देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक माना जाता है. ऐसे में टॉप रैंक हासिल करना बड़ी उपलब्धि माना जाता है.
टॉप-10 में बिहार के दो छात्र
इस साल UPSC के टॉप-10 में बिहार के दो उम्मीदवारों ने जगह बनाई है. मुजफ्फरपुर के सरैयागंज इलाके के रहने वाले राघव झुनझुनवाला ने चौथी रैंक हासिल की है. राघव ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुजफ्फरपुर के दिल्ली पब्लिक स्कूल से की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से ग्रेजुएशन किया.
वहीं पटना के उज्जवल प्रियांक ने 10वीं रैंक हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है. इसके अलावा सारण जिले के यशस्वी राजवर्धन को 11वीं रैंक मिली है.
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
राघव झुनझुनवाला ने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था. उन्होंने दिल्ली में रहकर तैयारी की. राघव की शुरुआती पढ़ाई जीडी मदर इंटरनेशनल स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, मुजफ्फरपुर से हुई. इसके बाद उन्होंने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में दाखिला लिया. कॉलेज के दौरान ही उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू कर दी थी.
किराना दुकानदार के बेटे ने भी हासिल की सफलता
समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड के कोठिया गांव के रहने वाले आयुष कुमार ने भी इस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 143वीं रैंक हासिल की है. आयुष के पिता अरुण चौधरी एक किराना दुकान चलाते हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे की इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है.
नालंदा यूनिवर्सिटी के VC के बेटे को 102वीं रैंक
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर प्रखंड के राजा जान गांव के रहने वाले अभिषेक कुमार सिंह ने भी UPSC में सफलता हासिल की है. उन्हें 102वीं रैंक मिली है. अभिषेक नालंदा विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर अभय कुमार सिंह के बेटे हैं. उनकी मां गृहिणी हैं. फिलहाल उनका परिवार पटना में रहता है, जबकि अभिषेक इन दिनों दिल्ली में हैं.
परिवार के लोगों के अनुसार, अभिषेक बचपन से ही पढ़ाई में काफी तेज थे. उन्होंने पांचवीं कक्षा में ही सैनिक स्कूल सिमुलतला के लिए परीक्षा पास कर ली थी.
180 उम्मीदवार IAS के लिए चयनित
UPSC द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस बार कुल 180 उम्मीदवारों का चयन IAS के लिए हुआ है. इसके अलावा 55 उम्मीदवारों को भारतीय विदेश सेवा (IFS) और 150 उम्मीदवारों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चुना गया है.
Also Read: 50% आरक्षण से लेकर शराबबंदी तक: सीएम नीतीश के 10 क्रांतिकारी फैसले, जिसने बदली बिहार की सूरत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










