बिहटा में बीस सूत्री समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, अनुपस्थित अधिकारियों पर भड़के जनप्रतिनिधि

प्रखंड मुख्यालय में आयोजित बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति की बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर गहन चर्चा हुई. कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जनप्रतिनिधियों ने तीव्र रोष व्यक्त किया.
Patna Public meeting: बिहटा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कृष्ण देव शांडिल्य ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी शिव जन्म राम ने किया.
कई विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, पेयजल और जनवितरण प्रणाली समेत कई विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई. संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की. वहीं, जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की.
बैठक में अंचल अधिकारी राकेश कुमार सिंह, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चंदन प्रियदर्शी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष राजू यादव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निशिता सिन्हा, आईआईटी अमहारा थाना प्रभारी रौशन कुमार राज, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सूर्यप्रसाद, बीपीएम प्रीति कुमारी, पशुपालन विभाग से डॉ. सिमु तथा उप प्रमुख वरुण कुमार सहित समिति के सदस्य मनोज कुमार सिंह, लंकेश कुमार सिंह, नागेंद्र कुशवाहा, सरोज सिंह, देवांति देवी और कुमुद मिश्रा उपस्थित रहे.
अनुपस्थित अधिकारियों पर जताई नाराजगी
बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ), बिहटा थाना और नेऊरा थाना समेत कई विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई. सदस्यों ने कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति से जनसमस्याओं की समीक्षा और उनके समाधान की प्रक्रिया प्रभावित होती है. जनप्रतिनिधियों ने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी बैठकों में सभी विभागों की सहभागिता आवश्यक है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
समय सीमा के भीतर समस्याओं के समाधान का निर्देश
समिति के अध्यक्ष कृष्ण देव शांडिल्य ने सभी विभागीय अधिकारियों को सरकार की योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










