पटना में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, महिला समेत दो हिरासत में; कई पिस्तौल लेकर फरार

Updated:
विज्ञापन

बरामद हथियार

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

राजधानी पटना में एक गुप्त मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. एसटीएफ की टीम ने छापेमारी कर कई हथियार और औजार बरामद किए हैं. हालांकि, फैक्ट्री का मुख्य संचालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा.

विज्ञापन

पटना से जयमणी कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन

Weapons seized in Patna : राजधानी पटना में बाढ़ के बनारसी घाट मोहल्ले में काफी दिनों से चल रही मिनी गन फैक्ट्री का एसटीएफ ने मंगलवार को उद्भेदन किया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच अर्धनिर्मित पिस्तौल, 14 गोलियां और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद किये. कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री का मुख्य संचालक कई तैयार देसी पिस्तौल लेकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. मौके से कौशल कुमार और एक महिला को हिरासत में लिया गया है, जिनसे थाने में पूछताछ की जा रही है.

बनारसी घाट में चल रहा था हथियार बनाने का कारोबार

जानकारी के अनुसार, बनारसी घाट मोहल्ले में काफी दिनों से देसी कट्टा और पिस्तौल बनाकर बेचने का कारोबार चल रहा था. बताया जाता है कि दूर-दूर से लोग हथियार खरीदने के लिए फैक्ट्री संचालक से संपर्क करते थे. खास बात यह है कि यह इलाका बाढ़ थाने के नजदीक ही स्थित है. इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर चल रहे इस कारोबार की भनक पुलिस को नहीं लगने की बात सामने आयी है.

एसटीएफ को मिली थी मिनी गन फैक्ट्री की सूचना

इस अवैध हथियार निर्माण की जानकारी एसटीएफ को मिली. इसके बाद मंगलवार को टीम ने इलाके की घेराबंदी कर फैक्ट्री में छापेमारी की. पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी.

महिला ने संचालक को भागने के लिए कहा

बताया जाता है कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में मौजूद महिला ने पुलिस को देखकर संचालक को भागने के लिए कहा. इसके बाद संचालक फैक्ट्री में तैयार की गयी कई देसी पिस्तौल लेकर भवन के पिछले दरवाजे से फरार हो गया. पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली.

पांच अर्धनिर्मित पिस्तौल और 14 गोलियां बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच अर्धनिर्मित पिस्तौल और 14 गोलियां बरामद कीं. इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले रेती, हथौड़ी, कटर समेत अन्य औजार भी मौके से मिले हैं. बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है.

महिला समेत दो हिरासत में

पुलिस ने मौके से कौशल कुमार और एक महिला को हिरासत में लिया है. दोनों से थाने में गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार निर्माण और बिक्री के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल

बाढ़ नगर क्षेत्र में थाने के नजदीक लंबे समय से मिनी गन फैक्ट्री संचालित होने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है. मामले में बाढ़ थाने के पुलिस अधिकारी फिलहाल जानकारी देने से बच रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन