लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती पर बवाल, राबड़ी आवास पर डटे समर्थक, श्रवण कुमार बोले- नियमों के तहत हुआ फैसला

Updated:
विज्ञापन
lalu family security row

राबड़ी आवास के बाहर बैठे राजद कार्यकर्ता

Lalu Family Security: राबड़ी देवी के आवास पर राजद कार्यकर्ताओं का जुटान लगातार बढ़ रहा है. लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती के फैसले के बाद समर्थकों में नाराजगी है. कार्यकर्ता रातभर आवास के बाहर डटे रहे. वहीं, सरकार सुरक्षा व्यवस्था को तय मानकों के अनुसार बता रही है.

विज्ञापन

Lalu Family Security: लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास के बाहर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं का जुटान लगातार जारी है. बड़ी संख्या में समर्थक सोमवार से ही आवास के बाहर डटे हुए हैं और सरकार के फैसले के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं.

सुरक्षा वापसी के बाद बढ़ा विवाद

दरअसल, राज्य सरकार ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है. इसके बाद विवाद और गहरा गया. बीते दिन तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी ने अपनी Y+ श्रेणी की सुरक्षा वापस कर दी थी. इस फैसले को लेकर राजद नेताओं और समर्थकों ने सरकार पर निशाना साधा है.

आज पटना लौट सकते हैं लालू यादव

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के रविवार को सिंगापुर से पटना लौटने की संभावना है. लालू यादव 30 मई को किडनी से जुड़े नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सिंगापुर गए थे. उनके लौटने से पहले ही सुरक्षा का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है.

सुरक्षा को लेकर क्या बोले मंत्री श्रवण कुमार?

लालू परिवार की सुरक्षा में कमी और सुरक्षा वापस किए जाने के सवाल पर मंत्री श्रवण कुमार ने सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था तय मानकों के अनुसार दी जाती है. मंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति को सुरक्षा रखनी है या नहीं, यह उसका निजी फैसला है. सरकार द्वारा जो सुरक्षा निर्धारित की गई है, वह उपलब्ध कराई गई है.

पत्रकारों से बातचीत करते मंत्री श्रवण कुमार

रोहिणी आचार्य की कार्यकर्ताओं से बड़ी अपील

इस बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राजद कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में राबड़ी आवास पहुंचने की अपील की. उन्होंने लिखा कि लालू परिवार की असली ताकत और सुरक्षा कवच राजद कार्यकर्ता और जनता हैं. रोहिणी ने आरोप लगाया कि बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री और उनके परिवार को परेशान करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी.

Also Read: ‘ये नटवरलाल है, साजिश करता है…’, खान सर के चाचा ने उनपर लगाए कई गंभीर आरोप

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन