‘ये नटवरलाल है, साजिश करता है…’, खान सर के चाचा ने उनपर लगाए कई गंभीर आरोप

Updated:
विज्ञापन
khan sir coaching controversy

खान सर की फाइल फोटो, सर्कल में उनके चाचा

Khan Sir Controversy: फायरिंग केस में घिरे खान सर की मुश्किलें अब परिवार के भीतर से भी बढ़ती दिख रही हैं. उनके चाचा इमरान अहमद और निसार अहमद ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कई विवादित दावे किए हैं. जिससे मामला और ज्यादा तूल पकड़ता जा रहा है.

विज्ञापन

Khan Sir Controversy: खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग के संस्थापक खान सर फायरिंग मामले को लेकर पहले से ही कानूनी मुश्किलों में घिरे हैं. अब उनके परिवार के कुछ सदस्यों ने भी उनके खिलाफ गंभीर बयान दिए हैं, जिससे मामला और बढ़ गया है.

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले उनके चाचा निसार अहमद ने खान सर की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि खान सर के पास कोई विशेष शैक्षणिक डिग्री नहीं है. निसार अहमद के अनुसार, उनकी डिग्रियां संदिग्ध हैं और वे केवल अपनी बोलने की शैली के कारण लोकप्रिय हुए हैं.

चाचा इमरान अहमद का बड़ा बयान

इसी मामले में देवरिया के भाटपाररानी निवासी और खान सर के चाचा इमरान अहमद ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने खान सर को अत्यधिक महत्वाकांक्षी व्यक्ति बताया. साथ ही उन्हें ‘नटवरलाल’ जैसी छवि वाला व्यक्ति कहा.

इमरान अहमद ने यह भी दावा किया कि खान सर अपने विरोधियों को फंसाने की कोशिश करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में रौशन आनंद को फंसाने के पीछे भी एक साजिश हो सकती है. उनका कहना है कि खान सर छात्रों के बीच भ्रम फैलाते हैं और पढ़ाई के दौरान कई बार राजनीतिक बातें भी शामिल करते हैं.

शिक्षा माफिया और धोखाधड़ी के आरोप

चाचा इमरान ने आगे कहा कि खान सर ‘शिक्षा माफिया’ की तरह काम कर रहे हैं. उनके अनुसार, ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लास के जरिए छात्रों को गुमराह किया जा रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संस्थान में प्रचार और दावों में पारदर्शिता नहीं है. उन्होंने यहां तक कहा कि खान सर खुद को जरूरत से ज्यादा बड़ा दिखाते हैं और छात्रों की वास्तविक जानकारी को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है.

फायर सेफ्टी जांच में खामियां

बिहार फायर सर्विस की जांच में भी कोचिंग संस्थान को लेकर सवाल उठे हैं. DIG मनोज नट के अनुसार, संस्थान में फायर सेफ्टी से जुड़ी कई कमियां पाई गई हैं. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों के अंदर सभी खामियां दूर नहीं की गईं तो कोचिंग सेंटर को सील किया जा सकता है. इससे संस्थान की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

अग्रिम जमानत की तैयारी

फायरिंग केस में खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. इस मामले में उनकी कानूनी टीम सक्रिय हो गई है. वकील ने बताया है कि गिरफ्तारी की संभावना से बचने के लिए अग्रिम जमानत की याचिका दायर की जाएगी. उनका कहना है कि फायरिंग की घटना में खान सर की किसी भी तरह की भूमिका नहीं है और आरोपों को गलत बताया गया है.

Also Read: क्या बंद हो जाएगा खान सर का कोचिंग सेंटर? 15 दिनों का अल्टीमेटम, नए मामले में घिरे फैसल खान

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन