पटना के 100 घर अंधेरे में, ट्रांसफार्मर जलने से बिजली गुल, बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने की मांग

Updated:
विज्ञापन

ट्रांसफार्मर की मांग करते लोग

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पटना के उड़ान टोला में 100 से अधिक घरों में बिजली नहीं है. ट्रांसफार्मर जलने से महादलित मांझी समुदाय परेशान है, जो पिछले एक साल से यह समस्या झेल रहा है. ग्रामीण स्थायी समाधान के लिए बड़े ट्रांसफार्मर की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Patna News : राजधानी पटना से करीब 25 से 30 किलोमीटर दूर गौरीचक थाना क्षेत्र की बरावां पंचायत के उड़ान टोला में ट्रांसफार्मर जलने से 100 से अधिक घरों की बिजली गुल है. महादलित मांझी समुदाय की बस्ती में बिजली संकट से ग्रामीण परेशान हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक साल में कई बार ट्रांसफार्मर जल चुका है, लेकिन अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा रहा है.

विज्ञापन

बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से परेशानी

पूर्व वार्ड सदस्य उपेंद्र चौधरी ने बताया कि उड़ान टोला में मांझी समुदाय के बड़ी संख्या में गरीब परिवार रहते हैं. बार-बार ट्रांसफार्मर जलने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है.

जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप

पूर्व मुखिया प्रतिनिधि धनंजय मधु ने आरोप लगाया कि उड़ान टोला फुलवारी शरीफ विधानसभा क्षेत्र में आता है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विधायक श्याम रजक लंबे समय तक राज्य सरकार में ऊर्जा राज्य मंत्री रह चुके हैं. पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र की सांसद डॉ. मीसा भारती हैं. इसके बावजूद ग्रामीणों के अनुसार बस्ती की बिजली समस्या देखने कोई जनप्रतिनिधि नहीं पहुंच रहा है.

ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान नेता बस्ती में पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनकी समस्याओं की सुध लेने कोई नहीं आता. हालांकि यह ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का आरोप है.

बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं, गर्मी और अंधेरे के कारण बुजुर्गों तथा महिलाओं को भी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों की मांग है कि जले हुए ट्रांसफार्मर को जल्द बदला जाए और बस्ती की जरूरत के अनुसार अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाए.

जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने का दावा

उड़ान टोला की बिजली व्यवस्था की निगरानी संपतचक के सोहगी मोड़ स्थित सोहगी पावर ग्रिड से होती है. बिजली विभाग के स्थानीय एसडीओ ने बताया कि जेई से मिली जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर एक दिन पहले जला है. उन्होंने ग्रामीणों के बार-बार ट्रांसफार्मर जलने के आरोप को गलत बताया. एसडीओ ने कहा कि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन