शिक्षिका हत्याकांड में तीन दिन बाद पति ने दर्ज कराई प्राथमिकी, प्रधान शिक्षक समेत चार नामजद

Updated:
विज्ञापन

जांच करती पुलिस का फाइल फोटो

पटना के मसौढ़ी नगर में शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी की हत्या के मामले में सनसनीखेज मोड़ आ गया है। घटना के तीन दिन बाद, मृतका के पति ज्ञानचंद चौधरी ने स्कूल के प्रधान शिक्षक ब्रजेश कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस जांच में जुटी है।

विज्ञापन

Patna Teacher Murder Case : राजधानी पटना के मसौढ़ी नगर के कैलुचक, बरनी रोड निवासी शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी हत्याकांड में घटना के तीन दिन बाद पति ज्ञानचंद चौधरी ने मसौढ़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में शिक्षिका के विद्यालय के प्रधान शिक्षक ब्रजेश कुमार समेत चार लोगों को नामजद किया गया है. अन्य नामजद आरोपितों में प्रधान शिक्षक की सरहज, उनके साले का पुत्र और शिक्षिका के घर के सामने रहने वाला मंटु शामिल है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और कार्रवाई तेज कर दी है. हालांकि, पुलिस फिलहाल मामले में कुछ भी स्पष्ट बताने से परहेज कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रधान शिक्षक पर प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप

पति की ओर से दर्ज प्राथमिकी में शिक्षिका की हत्या के पीछे विद्यालय के प्रधान शिक्षक ब्रजेश कुमार की भूमिका होने का आरोप लगाया गया है. प्राथमिकी में ब्रजेश कुमार पर शिक्षिका को प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गाली-गलौज करने और पूर्व में धमकी देने समेत अन्य घटनाओं का उल्लेख किया गया है. हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल साक्ष्यों की जांच

शिक्षिका की हत्या के बाद से ही पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. सूत्रों के अनुसार, बीते तीन दिनों में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज समेत कई बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ायी है. घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य भी जुटाये गये हैं. अब पति की ओर से चार लोगों को नामजद किये जाने के बाद पुलिस की जांच और महत्वपूर्ण हो गयी है.

1 सितंबर की रात हुई थी शिक्षिका की हत्या

लक्ष्मी कुमारी की हत्या 1 सितंबर की रात हुई थी. पति की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, रात करीब 10 बजे तक शिक्षिका से फोन पर बातचीत हुई थी. इसके बाद अगले दिन परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. परिवार की ओर से स्कूल के प्रधान शिक्षक ब्रजेश कुमार से भी संपर्क किया गया था.

बाद में पति के परिजन जब शिक्षिका के घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. दरवाजा खुलवाने का प्रयास विफल होने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घर में प्रवेश किया गया. अंदर शिक्षिका मृत अवस्था में मिलीं.

नामजद आरोपितों से पूछताछ पर टिकी नजर

प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों के आधार पर पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और प्राथमिकी में दर्ज आरोपों का आपस में मिलान किया जा रहा है. अब नामजद आरोपितों से पूछताछ और पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है. पुलिस का कहना है कि अनुसंधान प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा रही है.

इसे भी पढ़ें : पटना में इंजीनियर की टीचर वाइफ का मिला डेड बॉडी, मकान में बाहर से लगा था ताला

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन