पुनपुन रेल पुल के गार्डर से 10 सेमी ऊपर पहुंचा पानी, पटना-गया जी के बीच दस मेमू रद्द, इनका बदला मार्ग
मेमू ट्रेन
पुनपुन नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण पटना-गया रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. रेल पुल की सुरक्षा को देखते हुए डाउन लाइन बंद कर दी गई है, जिससे 10 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं.
Patna-Gaya MEMU Trains Cancelled : पुनपुन नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर का असर अब गया-पटना रेलखंड पर भी पड़ने लगा है. पुनपुन घाट स्थित रेल पुल संख्या-21 पर बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है. शुक्रवार रात तक जहां पानी डाउन लाइन के गार्डर को छू रहा था, वहीं शनिवार शाम तक जलस्तर गार्डर से करीब 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया.
आपके शहर में
रेल पुल की सुरक्षा को देखते हुए पीपीएन-पीआरबीजेड डाउन लाइन पर 4 सितंबर की रात 8:10 बजे से अगले आदेश तक ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया है. फिलहाल इस रेलखंड पर अप लाइन से ही ट्रेनों का परिचालन कराया जा रहा है.
लगातार बढ़ रहा है पानी, बढ़ाई गई निगरानी
स्थानीय रेल अधिकारियों के अनुसार पुनपुन रेल पुल पर पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है. जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए पुल और ट्रैक की निगरानी बढ़ा दी गई है. डाउन लाइन बंद होने के कारण गया-पटना रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है.
रेलवे ने 6 सितंबर को चलने वाली गया-पटना रूट की 10 मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है. इसके अलावा दो एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है.
ये 10 मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द
6 सितंबर को निम्न ट्रेनें रद्द रहेंगी.
- 63242 गया-पटना मेमू
- 63244 गया-पटना मेमू
- 63245 पटना-गया मेमू
- 63247 पटना-गया मेमू
- 63248 गया-पटना मेमू
- 63251 पटना-गया मेमू
- 63256 गया-पटना मेमू
- 63274 पटना-राजगीर मेमू
- 63250 गया-पटना मेमू
- 63253 पटना-गया मेमू
दो एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला मार्ग
रेलवे ने 18625 पूर्णिया कोर्ट-पटना-हटिया एक्सप्रेस और 18626 हटिया-पटना-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस का मार्ग भी परिवर्तित किया है. दोनों ट्रेनों को वैकल्पिक रेल मार्ग से चलाया जाएगा.
अप लाइन से चल रहीं ट्रेनें
डाउन लाइन बंद होने के बाद फिलहाल ट्रेनों का परिचालन अप लाइन से पुनपुन घाट से परसा बाजार की ओर कराया जा रहा है. रेल अधिकारियों के अनुसार जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में अप लाइन के परिचालन को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है. ऐसे में गया-पटना रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन और प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.
रेलवे सूत्रों के अनुसार पुल संख्या-21 पर पानी के बढ़ते स्तर को देखते हुए इंजीनियरिंग विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है. डाउन लाइन को तब तक चालू नहीं किया जाएगा, जब तक पुल और ट्रैक की सुरक्षा को लेकर स्थिति पूरी तरह अनुकूल नहीं हो जाती.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए