पटना एयरपोर्ट से कारोबारी अपहरण-हत्या का मास्टरमाइंड बजरंगी गिरफ्तार, टॉप-10 अपराधियों में था शामिल

Updated:
विज्ञापन

पटना एयरपोर्ट से कारोबारी अपहरण-हत्या का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

पटना पुलिस ने 2025 में महाराष्ट्र के कारोबारी लक्ष्मण साधु शिंदे के अपहरण और हत्या मामले में मुख्य आरोपी शिवशंकर कुमार उर्फ बजरंगी को गिरफ्तार किया है. शिवशंकर टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था और गिरोह बिजनेस के बहाने कारोबारियों को ठगता था.

विज्ञापन

Patna Crime News : वर्ष 2025 में महाराष्ट्र के कारोबारी लक्ष्मण साधु शिंदे को पटना एयरपोर्ट से अगवा कर उनकी हत्या करने के मामले में पटना पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवशंकर कुमार उर्फ बजरंगी को गिरफ्तार कर लिया है. नालंदा के हिलसा निवासी शिवशंकर पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था. एयरपोर्ट थाना पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बिजनेस के नाम पर महाराष्ट्र के कारोबारी को पटना बुलाया

पुलिस के अनुसार, शिवशंकर का गिरोह महाराष्ट्र और अन्य राज्यों के कारोबारियों को बिजनेस के नाम पर पटना बुलाता था. इसके बाद एयरपोर्ट से ही उन्हें अगवा कर नालंदा या अन्य जगहों पर ले जाया जाता था. वहां मारपीट कर उनके ATM कार्ड और बैंक खातों से पैसे निकाले जाते थे. पैसे निकालने के बाद कई कारोबारियों को छोड़ दिया जाता था.

ATM से पैसे निकालने के दौरान कारोबारी की बेरहमी से पिटाई

लक्ष्मण साधु शिंदे के साथ भी गिरोह ने इसी तरीके से वारदात को अंजाम दिया था. आरोप है कि अगवा करने के बाद उनके ATM कार्ड से लाखों रुपये निकाले गये. इसी दौरान बदमाशों ने उनकी जमकर पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गयी. मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.

11 अप्रैल को पटना एयरपोर्ट पहुंचे थे लक्ष्मण

महाराष्ट्र के पुणे निवासी विशाल लावाजी लोखंडे ने 13 अप्रैल 2025 को एयरपोर्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. शिकायत के अनुसार, उनके भाई लक्ष्मण साधु शिंदे 11 अप्रैल 2025 को पटना एयरपोर्ट पहुंचे थे. एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को फोन कर बताया था कि वह शिवराज सागी की ओर से भेजी गयी गाड़ी से कोल इंडिया, झारखंड जाने के लिए निकल रहे हैं.

शिवराज सागी बनकर कारोबारी को बुलाने का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों ने खुद को कोल इंडिया का अधिकारी शिवराज सागी बताकर लक्ष्मण साधु शिंदे को बिजनेस के सिलसिले में पटना बुलाया था. एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया गया.

सात अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी था फरार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को नालंदा और अन्य जगहों पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया था. हालांकि मुख्य आरोपी शिवशंकर कुमार उर्फ बजरंगी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. लगातार उसकी तलाश की जा रही थी. अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

गिरोह के तरीके की पुलिस कर रही जांच

पुलिस अब शिवशंकर से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इस तरह की दूसरी वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने अब तक कितने कारोबारियों को इसी तरीके से निशाना बनाया था.

Also Read : पटना में NTPC रिटायर्ड इंजीनियर के बेटे की 21 दिन बाद मिली लाश, सिम लगवाने निकला था प्रेम; हत्या की आशंका



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन