पटना में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 1.19 करोड़ की साइबर ठगी, व्हाट्सऐप पर झांसा देकर कराया निवेश

Updated:
विज्ञापन

AI से बनाई गई तस्वीर

पटना में ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर 1.19 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित को भारी मुनाफे का झांसा देकर ठगा गया, जब उसने रकम निकालने की कोशिश की तो उसे 20% कमीशन की मांग की गई.

विज्ञापन

पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

Patna Cyber Crime : ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में भारी मुनाफे का झांसा देकर पटना के जगदेवपथ निवासी एक व्यक्ति से 1.19 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित अब्दुल एजाज अजहर जमील ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कर एफआइआर और रकम की रिकवरी के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है. ऑनलाइन शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर 3050826010xxx बताया गया है.

फेसबुक विज्ञापन के बाद व्हाट्सऐप पर हुआ संपर्क

शिकायत के अनुसार, फेसबुक पर जूलियस बेयर वेल्थ एडवाइजर (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड और फिनसोल सिक्योरिटीज लिमिटेड से संबंधित विज्ञापन और संदर्भ देखने के बाद कुछ लोगों ने पीड़ित से व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया. आरोप है कि निवेश के लिए जेबी एक्स वन समेत अन्य ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया गया.

पहले थोड़ी रकम निकलवाई, फिर बढ़ाया निवेश

शिकायतकर्ता का आरोप है कि शुरुआत में उसे निवेश की गयी रकम में से थोड़ी राशि निकालने की अनुमति दी गयी. इससे उसका भरोसा बढ़ा और उसने आगे बड़ी रकम निवेश कर दी. इसके बाद एप पर भारी मुनाफा दिखाया गया, लेकिन रकम निकालने पर रोक लगा दी गयी.

दो कंपनियों के नाम पर 1.19 करोड़ रुपये ट्रांसफर

पीड़ित के अनुसार, जूलियस बेयर के नाम पर 79,56,451 रुपये और फिनसोल के नाम पर 39,96,593 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराये गये. इस तरह कुल 1,19,53,044 रुपये ट्रांसफर करने का दावा शिकायत में किया गया है.

मुनाफे की निकासी के लिए मांगे 20 फीसदी रुपये

शिकायत के अनुसार, एप पर निवेश की रकम पर भारी मुनाफा दिखाने के बाद जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की, तो कथित मुनाफे का 20 प्रतिशत भुगतान करने की शर्त रख दी गयी. इसके बाद पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ.

कई लोगों के मोबाइल नंबर पुलिस को सौंपे

पीड़ित ने जूलियस बेयर से जुड़े होने का दावा करने वाले कुणाल और सोनल तथा फिनसोल से जुड़े होने का दावा करने वाले गुल और अनन्या समेत कई लोगों के मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराये हैं. शिकायत में इन लोगों की भूमिका की जांच की मांग की गयी है.

बैंक खातों को फ्रीज कराने की मांग

पीड़ित ने पुलिस से सभी लाभार्थी बैंक खातों के केवाईसी, बैंक ट्रांजेक्शन, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है. साथ ही उपलब्ध रकम को तत्काल फ्रीज कराने और ठगी की राशि की रिकवरी के लिए कार्रवाई की मांग की गयी है.

Also Read : पटना में NTPC रिटायर्ड इंजीनियर के बेटे की 21 दिन बाद मिली लाश, सिम लगवाने निकला था प्रेम; हत्या की आशंका



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन