पटना में NTPC रिटायर्ड इंजीनियर के बेटे की 21 दिन बाद मिली लाश, सिम लगवाने निकला था प्रेम; हत्या की आशंका
NTPC रिटायर्ड इंजीनियर के बेटे प्रेम
पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई जब 21 दिन से लापता एक युवक का शव बरामद हुआ. युवक 1 अगस्त को घर से निकला था और परिजनों को लूटपाट के बाद हत्या की आशंका है.
Patna Crime News : पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के जय प्रकाश नगर स्थित एजी कॉलोनी में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गयी, जब पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया. मृतक की पहचान आशियाना नगर स्थित एनटीपीसी विहार कॉलोनी फेज-2 के फ्लैट नंबर जी-401 निवासी जॉर्ज माइकल उर्फ प्रेम के रूप में हुई है. प्रेम एनटीपीसी से रिटायर्ड इंजीनियर जॉर्ज वीसेंट माइकल के बेटे थे. वह मूल रूप से बेतिया के रहने वाले हैं.
आपके शहर में
1 अगस्त को घर से निकला, 21 दिन बाद मिला शव
परिजनों के अनुसार, प्रेम 1 अगस्त को मोबाइल फोन में सिम कार्ड लगवाने की बात कहकर अपनी स्कूटी से घर से निकले थे. इसके बाद वह वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद पिता ने 8 अगस्त को राजीव नगर थाने में उनके संदिग्ध परिस्थिति में गायब होने की शिकायत दर्ज करायी थी. अब करीब 21 दिन बाद उनका शव एजी कॉलोनी से बरामद हुआ है.
माला और हाफ पैंट से परिजनों ने की पहचान
एजी कॉलोनी में शव मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने गले में पहनी माला और हाफ पैंट के आधार पर शव की पहचान प्रेम के रूप में की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
शव मिलने के बाद FSL टीम ने की जांच
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की एफएसएल टीम से जांच करायी. शास्त्री नगर थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. शव जहां मिला है, उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
परिजनों ने लूटपाट के बाद हत्या की जतायी आशंका
प्रेम के रिश्तेदार अग्निस जॉर्ज माइकल ने बताया कि वह 1 अगस्त को करीब 500 रुपये और मोबाइल फोन लेकर घर से निकले थे. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. परिजनों ने पुलिस के समक्ष लूटपाट के दौरान हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जतायी है. हालांकि पुलिस फिलहाल हर बिंदु पर जांच कर रही है.
अब तक स्कूटी और मोबाइल बरामद नहीं
परिजनों के अनुसार प्रेम जिस स्कूटी से घर से निकले थे, वह उनकी बहन शालिनी जॉर्ज माइकल के नाम पर है. घटना के बाद से प्रेम की स्कूटी और मोबाइल फोन का अब तक पता नहीं चल सका है. पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है.
मुंबई में थे पिता, बेटे की मौत की खबर सुनकर लौट रहे पटना
प्रेम के पिता जॉर्ज वीसेंट माइकल फिलहाल मुंबई में हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गयी है. वह मुंबई से पटना वापस लौट रहे हैं. प्रेम की बहन शालिनी जॉर्ज माइकल भी मुंबई में रहती हैं.
Also Read : बिहार STF की लिस्ट में 350 से ज्यादा सुपारी किलर, पूरी कुंडली तैयार, पिछले 8 महीने में क्या-क्या हुआ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए