पटना: मसौढ़ी के तारेगना स्टेशन पर 15 दिनों से 1 घंटे लेट पहुंच रही 63244 पैसेंजर, रोज सफर करने वालों की बढ़ी मुश्किलें

Updated:
विज्ञापन

AI से बनाई गई तस्वीर

पटना-गया रेलखंड पर चलने वाली 63244 पैसेंजर ट्रेन पिछले 10-15 दिनों से लगातार एक घंटे से अधिक लेट चल रही है. तारेगना स्टेशन पर सुबह 7:25 की जगह 8:30 बजे के बाद पहुंच रही ट्रेन से दैनिक यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. इस देरी का सीधा असर नौकरीपेशा लोगों और छात्रों के शेड्यूल पर पड़ रहा है.

विज्ञापन

Patna Train Update : पटना-गया रेलखंड की महत्वपूर्ण 63244 डाउन पटना-गया पैसेंजर ट्रेन के लगातार विलंब से चलने के कारण दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है. पिछले करीब 10-15 दिनों से ट्रेन निर्धारित समय से काफी देर से चल रही है. सुबह के समय पटना और आसपास के इलाकों में नौकरी, पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए जाने वाले बड़ी संख्या में यात्री इस ट्रेन पर निर्भर हैं. ऐसे में ट्रेन के लेट होने से यात्रियों का पूरा शेड्यूल प्रभावित हो रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

तारेगना में 7:25 की जगह 8:30 के बाद पहुंच रही ट्रेन

दैनिक यात्रियों के अनुसार, तारेगना स्टेशन पर 63244 पैसेंजर के पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:25 बजे है. लेकिन पिछले कई दिनों से ट्रेन अक्सर 8:30 बजे के बाद स्टेशन पहुंच रही है. यानी यात्रियों को निर्धारित समय से एक घंटे से अधिक की देरी का सामना करना पड़ रहा है. सुबह के समय ट्रेन के विलंब से पहुंचने के कारण नौकरी और पढ़ाई के लिए पटना जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है.

नदौल, पोठही और डुमरी के आसपास रोकने की शिकायत

यात्रियों का कहना है कि गया से पटना आने के दौरान ट्रेन को कई बार नदौल, पोठही अथवा डुमरी के आसपास रोक दिया जाता है. इससे ट्रेन के परिचालन में और देरी होती है. हालांकि, ट्रेन को किन कारणों से रोका जा रहा है, इसकी स्पष्ट जानकारी यात्रियों को नहीं मिल पाती है. यात्रियों ने रेल प्रशासन से विलंब के कारणों की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की है.

एक ट्रेन की देरी से दूसरी पैसेंजर ट्रेनों पर भी असर

दैनिक यात्रियों की चिंता इसलिए भी बढ़ गयी है, क्योंकि 63244 पैसेंजर ट्रेन के इसी रैक से 63247, 63250, 63253 और 63258 समेत अन्य पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन होता है. यात्रियों का कहना है कि 63244 के परिचालन में देरी होने पर आगे चलने वाली ट्रेनों के समय पर भी इसका असर पड़ सकता है. इससे पूरे रेलखंड पर यात्रियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है.

कभी 4PG के नाम से जानी जाती थी ट्रेन

गौरतलब है कि पटना-गया रेलखंड पर चलने वाली यह पैसेंजर ट्रेन दैनिक यात्रियों के बीच लंबे समय से लोकप्रिय रही है. पुराने दौर में इसे 4PG के नाम से भी जाना जाता था. बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और अन्य दैनिक यात्रियों के लिए यह ट्रेन आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है.

यात्रियों ने समय पर परिचालन की मांग की

दैनिक यात्रियों ने रेल प्रशासन से ट्रेन के परिचालन की नियमित निगरानी कराने और 63244 पैसेंजर को निर्धारित समय पर चलाने की मांग की है. यात्रियों का कहना है कि सुबह की ट्रेन होने के कारण इसकी समयबद्धता बेहद महत्वपूर्ण है. लगातार देरी से यात्रियों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी उठानी पड़ रही है.

रेल प्रशासन का पक्ष नहीं मिल सका

मामले में सीनियर डीसीएम से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका. रेलवे की ओर से ट्रेन के लगातार विलंब से चलने के कारणों की आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन