पितृपक्ष में पिंडदान के बाद गंगा स्नान करने गये चार दोस्त, एक तेज धारा में बहा; तीन को नाविकों ने बचाया
सर्च अभियान करते एसडीआरएफ की टीम
नासरीगंज-फक्कर महतो घाट पर पितृपक्ष में पिंडदान के बाद गंगा में स्नान करने गए चार दोस्तों में से एक युवक तेज धारा में बह गया. स्थानीय नाविकों और लोगों ने तीन दोस्तों को बचा लिया. SDRF टीम युवक की तलाश कर रही है.
दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज-फक्कर महतो घाट पर शुक्रवार की दोपहर गंगा में स्नान करने के दौरान चार दोस्त डूबने लगे. इस दौरान एक युवक तेज धारा में बह गया, जबकि तीन युवकों को स्थानीय नाविकों और लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बचा लिया. डूबे युवक की पहचान खगौल थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना निवासी सूरज कुमार चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र आयुष्मान उर्फ आयुष के रूप में हुई है.
पिंडदान के बाद गंगा में स्नान करने लगे थे चारों
परिजनों के अनुसार, चारों युवक शुक्रवार को पितृपक्ष में पिंडदान करने के लिए नासरीगंज-फक्कर महतो घाट पहुंचे थे. इसी दौरान आयुष, रोहित, आदित्य और सन्नी घाट पर गंगा में स्नान करने लगे. स्नान के दौरान आदित्य कुमार डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में रोहित, सन्नी और आयुष भी गहरे पानी में चले गये.
महिलाओं ने साड़ी फेंककर बचाने का किया प्रयास
चारों युवकों को डूबते देख घाट पर पिंडदान कर रहीं महिलाओं ने साड़ी फेंककर उन्हें बचाने का प्रयास किया. इसी दौरान आदित्य ने अपना हाथ ऊपर उठाया. इसके बाद स्थानीय नाविकों और लोगों ने मौके पर पहुंचकर आदित्य, सन्नी और रोहित को काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाल लिया. आयुष गंगा की तेज धारा में बह गया.
एसडीआरएफ ने की तलाश, नहीं मिला शव
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में आयुष की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका शव बरामद नहीं हो सका. परिजनों ने आयुष की तलाश जारी रखने की मांग की है.
तीनों बचाये गये युवकों की पहचान
डूबने से बचाये गये युवकों की पहचान गाड़ीखाना निवासी अजय कुमार के 12 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार तथा बीरेंद्र कुमार चौधरी के 21 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार और 15 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है.
एसडीपीओ ने घटना की पुष्टि की
एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि फक्कर महतो घाट पर गंगा नदी में स्नान करने के दौरान एक युवक डूब गया, जबकि तीन अन्य युवकों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया. डूबे युवक की तलाश की जा रही है.
बिक्रम में प्रखंड-अंचल कार्यालय से गायब मिले कर्मी, एक दिन का कटेगा बेतन; मनमाने ढंग से कार्यालय आने का भी लगा आरोप
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए