पटना: अतिक्रमण से एनएच-30 पर दिनभर जाम, आधा किमी तक लगी वाहनों की कतार,एंबुलेंस भी फंसी रही
जाम में फंसे लोग
मनेर में सड़क किनारे अतिक्रमण के चलते एनएच-30 पर दिनभर भीषण जाम लगा रहा. दुकानों के कारण वाहनों के लिए जगह कम पड़ने से करीब आधा किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस भी घंटों फंसी रहीं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
Traffic jam in Patna : मनेर में अतिक्रमण के कारण सोमवार को मनेर में एनएच-30 पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही. पड़ावपर, भगत सिंह स्मारक मोड़, आरएनएस मोड़, मनेर थाना और गांधी मैदान के पास सुबह से देर शाम तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही. करीब आधा किलोमीटर तक सड़क जाम रहने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी.
सड़क किनारे लगी दुकानों से बिगड़ी व्यवस्था
स्थानीय लोगों के अनुसार, कर्म पूजा को लेकर सड़क के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानें लगा दी गयी हैं. दुकानों के लिए किए गए अतिक्रमण के कारण सड़क पर वाहनों के आवागमन के लिए जगह कम हो गयी. इसके चलते सोमवार को अचानक यातायात व्यवस्था चरमरा गयी और जाम लग गया.
एंबुलेंस भी घंटों फंसी
जाम में पैदल राहगीरों के साथ बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे. मरीजों को लेकर आने-जाने वाली एंबुलेंस भी घंटों जाम में फंसी रही. एंबुलेंस में मरीजों को परेशानी से कराहते हुए देखा गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस का इस तरह जाम में फंसना गंभीर समस्या है.
जाम हटाने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
जाम की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने में जुटा रहा. पुलिसकर्मियों को वाहनों को व्यवस्थित करने और जाम हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. देर शाम तक कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार प्रभावित रही.
लगातार बढ़ रहा अतिक्रमण
स्थानीय लोगों ने बताया कि मनेर की मुख्य सड़क के दोनों ओर लगातार बढ़ता अतिक्रमण अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुका है. लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए