'बिहार तुम्हारी तरफ उम्मीद भरी…' तेजस्वी के जन्मदिन पर लालू यादव ने किया भावुक करने वाला पोस्ट
Published by : Paritosh Shahi Updated At : 09 Nov 2024 3:08 PM
लालू यादव और तेजस्वी यादव (File)
Tejashwi Yadav birthday: बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव ने अपने पुत्र तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर एक भावुक करने वाला पोस्ट किया है. सोशल मिडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने ने लिखा, '35 वर्ष की उम्र में तुमने इतने उतार-चढ़ाव देखे हैं, बहुत कुछ सीखा और सिखाया भी है. कभी-कभार सोचता हूँ कि 25 से 35 वर्ष की आयु उम्र में हम क्या थे?'
Tejashwi Yadav birthday: बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के जन्मदिन के अवसर पर उनके पिता और राजद प्रमुख लालू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया है. इस पोस्ट में उन्होंने तेजस्वी यादव की जमकर तारीफ की है. लालू यादव ने लिखा, “प्रिय तेजस्वी, तुम्हारे जन्मदिन पर परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि परम पिता आपको हिम्मत, हौसला, ताक़त, सेहत, ऊर्जा, आत्मबल और अटूट इच्छा शक्ति प्रदान करे. जनसेवा के जिस पथ पर तुम चल रहे हो उस पर बिना थके, बिना झुके जनता की निरंतर सेवा करते हुए आगे बढ़ते रहो। समाजवाद की मशाल को अपने खून पसीने से रोशन करते रहें.”

सर्वस्व अर्पण करने के लिए सदैव तैयार रहें
लालू यादव ने आगे लिखा, “संविधान, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता व लोकतंत्र की रक्षा और गरिमा को सुरक्षित रखने के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने के लिए सदैव तैयार रहें. आपके सारे वचन और सारी कसमें पूर्ण हों, फिर चाहे वह नौजवानों को नौकरी रोज़गार दिलाने की बात हो, स्वास्थ्य शिक्षा और सुरक्षा की बात हो, किसान और मज़दूर के हक़ की बात हो, माताओं, बहनों और दीदियों के सम्मान की बात हो. आप अपने सभी संकल्पों को हर हाल में पूरा कर पाएं यही आशा, प्रार्थना और दुआ करता हूँ.”
सिद्धांतहीन व्यक्ति को ना आवाम दिलों में जगह देती है और…
राजद प्रमुख ने आगे लिखा, “तुम सार्वजनिक जीवन में हो, जब कभी भी तुम्हें लगे कि तुम हताश और निराश हो सीधा बिना सोचे-समझे अपने जनता मालिकों के बीच चले जाना. सदैव सकारात्मक, ऊर्जावान, प्रगतिशील, कार्यशील, अनुशासित, कर्मठ, समर्पित, चरित्रवान, सैद्धांतिक, वफ़ादार, ईमानदार और वैचारिक लोगों को तरजीह देना. फ़क्र है पिता की इन सीख सलाह पर तुम शुरू से अमल कर रहे हो. व्यक्ति पद और सत्ता से नहीं बल्कि विचार और चरित्र से बड़ा होता है. सिद्धांतहीन व्यक्ति को ना आवाम दिलों में जगह देती है और ना इतिहास और जमात!”

बिहार उम्मीद भरी नज़रों से देख रहा है
लालू यादव ने X पोस्ट ने आगे लिखा, “मैं जानता हूँ की तुम जो कहते हो वो करते हो. जितना तुम काम के धुनी, कमिटमेंट के पक्के और इरादों के जिद्दी हो उतना ही बड़े-बुजुर्गों का कहावक व आदेश मानने में मुलायम. आज पूरा बिहार तुम्हारी तरफ उम्मीद भरी नज़रों से देख रहा है उनकी सारी उम्मीदों पर खरा उतरिएगा, उनका साथ दीजियेगा उनकी शक्ति बनियेगा. संकल्पित और समर्पित भाव से सभी को साथ लेकर क़ामयाबी, तरक़्क़ी, और परिवर्तन के रास्ते पर बिहार को आगे बढ़ाने का काम करते रहिये. करते रहिये… लड़ते रहिये… जीतते रहिये…”
कभी-कभार सोचता हूँ इस उम्र में हम क्या थे- लालू यादव
बिहार के पूर्व सीएम ने आगे लिखा, “35 वर्ष की उम्र में तुमने इतने उतार-चढ़ाव देखे हैं, बहुत कुछ सीखा और सिखाया भी है. कभी-कभार सोचता हूँ कि 25 से 35 वर्ष की आयु उम्र में हम क्या थे, क्या आचार-विचार, सपने-लक्ष्य थे और अब तुम्हारा देखता हूँ तो मुझे ख़ुशी और गर्व होता है. बिहार के जन जन का जीवन यशस्वी और तेजस्वी बने इसके लिए कुल देवी-देवता तुम पर अपनी कृपा और आशीर्वाद बनाए रखें. तुम जनता के थे, जनता के हो और सदा जनता के ही रहोगे. ढेर सारा प्यार और खूब खूब आशीर्वाद. जन्मदिन बहुत बहुत मुबारक हो बाबू.”
इसे भी पढ़ें: Bihar Politics: बिहार में अब लालू परिवार से कोई नहीं बनेगा मुख्यमंत्री, BJP सांसद बोले- सपना ही रह जाएगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










