खान सर-ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद में अब तक क्या-क्या हुआ? जानिए रौशन आनंद की जमानत को लेकर वकील का नया प्लान

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 10 Jun 2026 1:19 PM

विज्ञापन

खान सर और रौशन आनंद की फाइल फोटो

Khan Sir Coaching Controversy: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद मामले में खान सर को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है. वहीं, इसी मामले में जेल में बंद ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज हो गई है और अब उनकी ओर से ऊपरी अदालत का रुख करने की तैयारी चल रही है.

विज्ञापन

Khan Sir Coaching Controversy: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद मामले में कानूनी लड़ाई जारी है. खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर को फिलहाल कोर्ट से राहत मिल गई है. वहीं, ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की मुश्किलें अभी कम होती नहीं दिख रही हैं. कोर्ट के आदेश के बाद खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी गई है. दूसरी तरफ रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और वह अभी जेल में हैं.

खान सर को मिली अंतरिम सुरक्षा

पटना के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में मंगलवार को खान सर उर्फ फैजल खान की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने खान सर को 20 जून तक अंतरिम सुरक्षा प्रदान की. साथ ही पुलिस को केस डायरी और अभियुक्त के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी पेश करने का निर्देश दिया. अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 जून को होगी. तब तक खान सर के खिलाफ कोई गिरफ्तारी या अन्य कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी.

वकील बोले- केस झूठा और बनावटी

खान सर की ओर से अदालत में पक्ष रखते हुए उनके वकील ने कहा कि पुलिस ने दबाव बनाने के लिए हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं लगाई हैं. उन्होंने दावा किया कि घटना में कोई व्यक्ति गोली लगने से घायल नहीं हुआ. सुरक्षा गार्ड ने आत्मरक्षा में लाइसेंसी हथियार से हवा में फायरिंग की थी.

रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज

ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद को कोर्ट से राहत नहीं मिली है. प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अनुराग वर्मा की अदालत ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी. अदालत ने कहा कि मामला हत्या के प्रयास से जुड़ा है और यह गंभीर प्रकृति का अपराध है. हालांकि अब रौशन आनंद के वकील जिला एवं सत्र न्यायालय में नई जमानत याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं.

क्या है पूरा मामला?

2 जून की रात कदमकुआं थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर कुछ लोग तोड़फोड़, पथराव और फायरिंग कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रोल किया. घटना में सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट की बात सामने आई थी. उसके सिर में चोट भी लगी थी.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई गिरफ्तारी

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की. जांच के आधार पर ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत अभिषेक कुमार और गौरव कुमार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का आरोप है कि तीनों ने कोचिंग संस्थान में घुसकर गार्ड के साथ मारपीट की थी. इसके बाद 3 जून को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

फायरिंग वाले वीडियो ने बढ़ाई खान सर की मुश्किलें

घटना के कुछ दिनों बाद एक और सीसीटीवी वीडियो सामने आया. वीडियो में सुरक्षा गार्ड फायरिंग करते दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान यह दावा किया गया कि गार्डों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर गोली चलाई थी.

खान सर पर भी दर्ज हुआ केस

गार्डों के बयान के बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया. उन पर हत्या के प्रयास में सहयोग देने और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. फिलहाल इस मामले में कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत दी है, लेकिन अंतिम फैसला आगामी सुनवाई के बाद ही सामने आएगा.

20 जून पर टिकी सबकी नजर

अब इस पूरे मामले में अगली बड़ी तारीख 20 जून है. इसी दिन अदालत में खान सर की अग्रिम जमानत पर आगे की सुनवाई होगी. वहीं रौशन आनंद की ओर से भी ऊपरी अदालत में जमानत के लिए नई कानूनी कोशिश शुरू होने वाली है.

Also Read: ‘बेटियां जीनियस बन रही हैं, अब शादी का खर्च लड़के वाले उठाएं’, दहेज पर पप्पू यादव ने दिया नया फॉर्मूला

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन