पटना हाईकोर्ट को मिलीं नई महिला चीफ जस्टिस, जानिए कौन हैं न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय

Updated:
विज्ञापन
meenakshi m ray

चीफ जस्टिस मीनाक्षी एम. राय को शपथ दिलाते राज्यपाल

Patna High Court Chief Justice: पटना हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है. न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने शुक्रवार को चीफ जस्टिस पद की शपथ ली. सिक्किम से आने वाली मीनाक्षी राय के पास 30 साल से अधिक का न्यायिक अनुभव है.

विज्ञापन

Patna High Court Chief Justice: बिहार की न्यायपालिका के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा. न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने पटना उच्च न्यायालय की नई मुख्य न्यायाधीश (चीफ जस्टिस) के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. पटना के लोकभवन में आयोजित समारोह में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें शपथ दिलाई.

इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार और पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

शपथ समारोह में मौजूद अतिथि

न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू की जगह संभालेंगी जिम्मेदारी

न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने इस पद पर संगम कुमार साहू का स्थान लिया है. न्यायमूर्ति साहू 4 जून को सेवानिवृत्त हुए थे. अब पटना हाईकोर्ट की कमान न्यायमूर्ति राय के हाथों में होगी. माना जा रहा है कि उनके लंबे अनुभव का लाभ बिहार की न्यायिक व्यवस्था को मिलेगा.

30 साल से ज्यादा का न्यायिक अनुभव

सिक्किम से संबंध रखने वाली न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय का न्यायिक क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है और न्यायपालिका में अपनी अलग पहचान बनाई है. उनका नाम ईमानदार, अनुभवी और कुशल न्यायिक अधिकारियों में गिना जाता है.

दिल्ली यूनिवर्सिटी से की पढ़ाई

न्यायमूर्ति मीनाक्षी राय का जन्म 12 जुलाई 1964 को सिक्किम में हुआ था. उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित लेडी श्री राम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई की. इसके बाद कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की डिग्री हासिल की. वर्ष 1990 में उन्होंने दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया और दिल्ली हाईकोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट में वकालत की.

सिक्किम की पहली महिला जज बनने का गौरव

1990 में ही उनका चयन सिक्किम न्यायिक सेवा में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सह सिविल जज के पद पर हुआ था. इस उपलब्धि के साथ वह सिक्किम की पहली महिला बनीं, जिन्हें इस पद पर नियुक्त किया गया था. यह उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जाती है.

कई अहम पदों पर निभाई जिम्मेदारी

अपने लंबे न्यायिक करियर में न्यायमूर्ति मीनाक्षी राय ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश, फैमिली कोर्ट जज, रजिस्ट्रार जनरल, एनडीपीएस कोर्ट की जज और भ्रष्टाचार निरोधक मामलों की विशेष न्यायाधीश जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया. उन्होंने न्यायपालिका के प्रशासनिक और न्यायिक दोनों क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.

2015 में बनीं हाईकोर्ट की जज

15 अप्रैल 2015 को उन्हें सिक्किम हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. करीब एक दशक तक हाईकोर्ट में सेवाएं देने के बाद अब उन्हें पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Also Read: ‘शिक्षक पढ़ाता है, मीडियाबाजी नहीं करता, हाइलाइट होने के लिए ये सब हो रहा…’, खान सर पर बरसे तेज प्रताप यादव

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन