दानापुर गोलीबारी मामले में एक बदमाश गिरफ्तार, पिस्टल, दो खोखा व नौ कारतूस बरामद

Updated:
विज्ञापन

पुलिस गिरफ्त में आरोपी युवक

दानापुर में हवाई फायरिंग कर भय का माहौल बनाने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं. मामले की जांच जारी है.

विज्ञापन

Patna Crime News : दानापुर में 30 अगस्त की देर रात सगुना नया टोला स्थित गांधी मूर्ति के पास अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर भय का माहौल बनाने के मामले में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सगुना नदी पर, दानापुर निवासी ऋषि कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, दो खोखा और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

वायरल वीडियो से हुई आरोपी की पहचान

एसडीपीओ अजीत कुमार ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि 30 अगस्त की देर रात तीन बदमाशों द्वारा अवैध हथियार से हवाई फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में तीनों युवक हथियार के साथ पोज देते और हवाई फायरिंग करते दिखाई दे रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सत्यापन और आरोपियों की पहचान के लिए गुप्तचरों को लगाया.

गांव में दहशत फैलाने के लिए चलायी गोली

एसडीपीओ ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर ऋषि कुमार की पहचान की गयी. पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियार के बल पर गांव और समाज में अपना दबदबा कायम करने तथा लोगों में भय पैदा करने के लिए हवाई फायरिंग करता था.

घर पर छापेमारी कर ऋषि को दबोचा

सिटी एसपी पश्चिमी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक, दानापुर-1 के नेतृत्व में थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज और सगुना ओपी पुलिस की टीम गठित की गयी. छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऋषि कुमार के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए गए.

मुख्य आरोपी समेत एक अन्य की तलाश

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति की पहचान कर ली गयी है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार ऋषि कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ दानापुर थाना कांड संख्या 560/19, दिनांक 09 जुलाई 2019 को धारा 302, 384, 385, 386, 307, 120(बी), 379, 34 भादवि और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन