पटना: शोषित सेवा संघ के 20वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए राज्यपाल, कहा- शिक्षा के माध्यम से वंचित समाज का हो रहा सशक्तिकरण

Author Sanjay kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन

शोषित सेवा संघ के 20वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए राज्यपाल

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने शोषित सेवा संघ के 20वें स्थापना दिवस पर शिक्षा के माध्यम से मुसहर समुदाय के बच्चों के सशक्तिकरण की सराहना की. संस्था के विद्यार्थी अब देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं.

विज्ञापन

Governor Social upliftment program: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने गुरुवार को दानापुर के उड़ान टोला स्थित शोषित सेवा संघ (एसएसएस) के शैक्षणिक परिसर शोषित समाधान केंद्र में आयोजित 20वें संस्थापक सह स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वंचित मुसहर समुदाय के बच्चों के जीवन में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का मिशन चलाया जा रहा है. उन्होंने बिहार के वंचित मुसहर समुदाय के सामाजिक उत्थान के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की.

विज्ञापन

शिक्षा के माध्यम से सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है शोषित सेवा संघ

राज्यपाल ने शोषित सेवा संघ को शिक्षा के माध्यम से सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि संस्था के विद्यार्थी पटना के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों के छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि किसी दूरदर्शी संस्थापक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि केवल उसकी संस्था को बनाए रखने में नहीं, बल्कि उसे प्रत्येक पीढ़ी के साथ और अधिक सशक्त बनाने में है.

उन्होंने शोषित सेवा संघ के अध्यक्ष श्रीवर्धन सिन्हा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में संस्था ने पद्मश्री स्वर्गीय जे. के. सिन्हा की दूरदृष्टि को न केवल अक्षुण्ण रखा है, बल्कि उसे और अधिक विस्तार देते हुए बिहार के अनेक बच्चों के जीवन को समृद्ध बनाया है. राज्यपाल ने स्वर्गीय जे. के. सिन्हा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उन्होंने जिस संस्था की कल्पना की थी, वह आज समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रही है.

विद्यार्थियों की प्रतिभा और अंग्रेजी भाषा पर पकड़ की सराहना

राज्यपाल ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए शैक्षणिक मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनके आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और अंग्रेजी भाषा पर उत्कृष्ट अधिकार की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास वंचित वर्ग के बच्चों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.


Image

देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच रहे हैं विद्यार्थी

संस्था के अध्यक्ष श्रीवर्धन सिन्हा ने कहा कि शोषित सेवा संघ का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से पूरे समुदाय में सकारात्मक परिवर्तन लाना है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक सफल विद्यार्थी अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनता है.

उन्होंने बताया कि संस्था के पूर्व छात्र आज अभियंता, शिक्षक, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता और उद्यमी बन चुके हैं. वहीं वर्तमान विद्यार्थी अमेरिका के लाफायेट कॉलेज सहित अशोक विश्वविद्यालय, क्रेया विश्वविद्यालय, अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय और अहमदाबाद विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. वे सभी मुसहर समुदाय के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं.


Image

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मोहा मन

शोषित सेवा संघ का समग्र शैक्षिक मॉडल केवल सफल पेशेवर तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने विद्यार्थियों को उनके समुदायों में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनने के लिए भी प्रेरित करता है. कार्यक्रम के दौरान केंद्र के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. एक से बढ़कर एक नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं.

समारोह में राज्य के 38 जिलों से आए सैकड़ों अभिभावक, समुदाय के नेता और परियोजना के समर्थक उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्रधानाचार्या सुषमा पांडे के धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ.

बंटी यादव मर्डर केस: मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन