पटना : दानापुर में बाढ़ के पानी में बहकर गांव पहुंचा जंगली सुअर, तीन महिलाओं पर किया हमला, दहशत में लोग

Updated:
विज्ञापन

जंगली सुअर के हमले में घायल महिला

Danapur Diara Wild Bboar Attack : दानापुर दियारा क्षेत्र बाढ़ की मार झेल रहा है, और अब जंगली सूअर के हमलों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. गंगहरा गांव में तीन महिलाओं पर हुए हमले के बाद दहशत का माहौल है. ग्रामीण वन विभाग से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Danapur Diara Wild Bboar Attack : दानापुर दियारा क्षेत्र इन दिनों बाढ़ की चपेट में है. इसी बीच रविवार सुबह गंगहरा गांव में जंगली सुअर के हमले से तीन महिलाएं घायल हो गयीं. ग्रामीणों के अनुसार, बाढ़ के पानी में बहकर जंगली सुअर गांव में पहुंचा है. घटना के बाद दियारा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों में दहशत का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

चापाकल पर पानी भर रही महिला पर किया हमला

गंगहरा निवासी राकेश शर्मा की 60 वर्षीय पत्नी पूनम देवी रविवार सुबह चापाकल पर पानी भर रही थीं. इसी दौरान पीछे से जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया. परिजनों के अनुसार, हमले में पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं.

घर के दरवाजे पर खड़ी महिला को भी बनाया निशाना

शाहबुद्दीन की 50 वर्षीय पत्नी खातून बीवी पर भी जंगली सुअर ने हमला किया. परिजनों के अनुसार, खातून बीवी घर के दरवाजे पर खड़ी थीं, तभी सुअर ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया. एक अन्य महिला के भी घायल होने की जानकारी दी गयी है.

नाव से अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन

घायलों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से नाव के माध्यम से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. पूनम देवी के भतीजे ब्रजेश शर्मा और चंदन शर्मा ने बताया कि उन्हें भाड़े की नाव से अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं, कन्हैया राय के अनुसार, एसडीआरएफ के सहयोग से घायलों को पीपा पुल घाट तक लाया गया, जिसके बाद अस्पताल पहुंचाया गया.

एंटी रेबीज इंजेक्शन नहीं मिलने का लगाया आरोप

पूनम देवी के परिजनों ने आरोप लगाया कि अनुमंडलीय अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीज को पीएमसीएच रेफर किया जा रहा है. इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है.

बाढ़ से पहले ही परेशान थे दियारा के लोग

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि दियारा क्षेत्र पहले से ही बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है. बाढ़ के पानी के बीच जंगली सुअर के हमले की घटनाओं से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है. ग्रामीणों के अनुसार, लोग रात में भी सतर्क रहकर रहने को मजबूर हैं.

वन विभाग से जंगली जानवरों को पकड़ने की मांग

जिला पार्षद प्रतिनिधि रंजीत कुमार यादव और पूर्व जिला पार्षद ओम प्रकाश यादव ने बताया कि जंगली सुअर के हमले में तीन महिलाएं घायल हुई हैं. उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से जंगली जानवर को पकड़ने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की.

निर्देश के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए मंत्री रामकृपाल यादव और सांसद डॉ मीसा भारती की ओर से रेंजर अधिकारी को निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक उचित पहल नहीं किये जाने की बात कही गयी है. हालांकि, इस संबंध में वन विभाग का आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं है.

बाढ़ और जंगली जानवर के खतरे से दहशत

दियारा क्षेत्र में बाढ़ के कारण पहले ही आवागमन और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित है. अब जंगली सुअर के हमले के बाद ग्रामीणों में अतिरिक्त भय बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जंगली जानवर को पकड़कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

Also Read : पटना : दानापुर में बाढ़ में महिला की मौत, एंबुलेंस नहीं मिली तो शव गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचे परिजन

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन