बिहटा: किसान यूनियन भानु करेगा ग्रामीण सरकारी स्कूलों का निरीक्षण, शिक्षा मंत्री को भेजा पत्र

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भारतीय किसान यूनियन (भानु) बिहार में ग्रामीण सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए एक बड़ा कदम उठा रही है. संगठन जल्द ही इन स्कूलों का औचक निरीक्षण करेगा.

विज्ञापन

भारतीय किसान यूनियन (भानु) बिहार प्रदेश की उच्चस्तरीय बैठक शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय, बिहटा में प्रदेश अध्यक्ष अंजनी कुमार ‘बिनोद’ की अध्यक्षता में हुई. बैठक में किसान परिवारों के बच्चों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. संगठन ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेगा.

विज्ञापन

यूनियन की ओर से इस संबंध में शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भी भेजा गया है. पत्रांक BKU-B/BIH/134/2026-27 के माध्यम से संगठन ने ग्रामीण सरकारी विद्यालयों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है. बैठक में कहा गया कि सरकारी विद्यालयों में नामांकित करीब 90 प्रतिशत बच्चे किसान परिवारों से आते हैं. ऐसे में इन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता है.

शिक्षकों की उपलब्धता से लेकर सुविधाओं तक की होगी जांच

औचक निरीक्षण के दौरान यह देखा जायेगा कि विद्यालय निर्धारित समय के अनुसार संचालित हो रहा है या नहीं. विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता और उनकी उपस्थिति की भी जानकारी ली जायेगी. इसके अलावा रिक्त शिक्षक पदों की स्थिति की समीक्षा की जायेगी. विद्यार्थियों से संवाद कर उनके पठन-पाठन के स्तर का भी आकलन किया जायेगा.

पोशाक, छात्रवृत्ति और मध्याह्न भोजन की भी होगी जानकारी

विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाली पोशाक, छात्रवृत्ति और मध्याह्न भोजन समेत अन्य सरकारी सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी ली जायेगी. विद्यालय प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था की भी समीक्षा की जायेगी.

समस्याओं को संबंधित विभाग के समक्ष रखेगा संगठन

यूनियन का कहना है कि विद्यालयों की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के बाद संबंधित विभाग के समक्ष समस्याओं को रखा जायेगा, ताकि शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके. यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी टकराव के उद्देश्य से नहीं, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था में सुधार और किसान परिवारों के बच्चों के हित में चलाया जायेगा.

संगठन ने पूरे अभियान को लोकतांत्रिक, मर्यादित और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित करने का संकल्प लिया है. बैठक में प्रदेश संयोजक ओमप्रकाश सिंह, मगध प्रमंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, पटना प्रमंडल उपाध्यक्ष अविनाश कुमार, पटना जिला अध्यक्ष वकील यादव समेत कई प्रांतीय और जिलास्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन