दानापुर में छावनी परिषद प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, बस पड़ाव और सदर बाजार से हटाए गए ठेले-गुमटियां
अतिक्रमण हटाती पुलिस
दानापुर छावनी परिषद प्रशासन ने जाम और अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया. बस पड़ाव, बलदेव स्कूल रोड और सदर बाजार क्षेत्रों से सड़क किनारे लगे ठेले, झोपड़ियां और गुमटियों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया. इस कार्रवाई से लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.
Patna Encroachment drive: नगर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से मुक्त कराने के लिए सोमवार को दानापुर छावनी परिषद प्रशासन ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. बस पड़ाव, बलदेव स्कूल रोड और सदर बाजार क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे ठेले, झोपड़ियां और गुमटियों को हटाया गया. छावनी परिषद प्रशासन की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से टाउन क्लीन ऑपरेशन के तहत घंटों तक कार्रवाई की. अभियान की सूचना मिलते ही सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपना सामान एवं ठेले लेकर मौके से हट गए.
बुलडोजर चलाकर हटाया गया अतिक्रमण
अभियान के दौरान बुलडोजर की मदद से सड़क पर लगे फल के ठेले, अस्थायी झोपड़ियों और गुमटियों को हटाया गया. प्रशासन का कहना है कि बस पड़ाव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, जिससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.
जाम से परेशान थे लोग
छावनी परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) वरुण कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के संबंध में उन्होंने बताया कि बस पड़ाव के बीच सड़क पर फल के ठेले और फुटपाथी दुकानों के कारण लगातार जाम लगता था. सड़क किनारे स्थायी और अस्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी. उन्होंने कहा कि नगर को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाने के उद्देश्य से प्रशासन चरणबद्ध तरीके से सभी अतिक्रमित स्थलों को खाली कराएगा.

आगे भी जारी रहेगा अभियान
छावनी परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से सड़क और फुटपाथ पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. नगरवासियों की सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे नगर को अतिक्रमणमुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए