दानापुर समेत पटना के चार स्कूलों को ईमेल से बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, तलाशी अभियान जारी

Author Sanjay kumar|Edited by Anjani Pandey
Updated:
विज्ञापन

बम की धमकी के बाद स्कूल से बच्चों को हटाती पुलिस

Patna school Bomb threat: पटना जिले के चार प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स की टीम मौके पर पहुंच गई. एहतियात के तौर पर सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

विज्ञापन

Patna schools Bomb threat: पटना जिले के चार प्रतिष्ठित स्कूलों को मंगलवार को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स की टीम मौके पर पहुंच गई और स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया. एहतियात के तौर पर सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

धमकी मिलने वाले स्कूलों में शाहपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रूपसपुर स्थित डीपीएस जूनियर विंग, दानापुर के सैनिक चौक स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल तथा खगौल थाना क्षेत्र के विजय सिंह यादव मोड़ स्थित रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं.

यह भी पढ़ें : पटना में मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय और 4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

ईमेल के जरिए दी गई धमकी

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह स्कूल प्रशासन को बम रखे होने संबंधी धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिसके बाद इसकी जानकारी तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई. सभी स्कूलों को लगभग एक जैसी भाषा में ईमेल भेजे गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है. धमकी मिलने के बाद स्कूल परिसरों को तत्काल खाली कराया गया और सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों के आसपास के इलाकों को भी सील कर दिया गया.

बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स की टीम मौके पर पहुंची. सभी स्कूल परिसरों की गहन जांच की जा रही है. फिलहाल तलाशी अभियान के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

एटीएस और साइबर प्रकोष्ठ करेगा जांच

डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि चारों स्कूलों को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. सभी ईमेल एक जैसे प्रतीत हो रहे हैं, जिससे इनके पीछे किसी संगठित प्रयास की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता.

उन्होंने बताया कि धमकी भरे ईमेल को जांच के लिए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के पास भेजा जाएगा. इसके साथ ही साइबर प्रकोष्ठ की मदद से ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसे भेजने वाले व्यक्ति अथवा समूह की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और स्कूल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ कर दिया गया है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन