बैरिया-कछुआरा सड़क की बदहाली पर पीएमओ से शिकायत, दो दशक से निर्माण का इंतजार, लोगों में है नाराजगी
सड़क की बदहाल स्थिति
संपतचक नगर परिषद क्षेत्र की बैरिया-कछुआरा मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत दर्ज की गई है. स्थानीय निवासी करीब दो दशक से सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे हैं. पीएमओ से समाधान का आश्वासन मिला है.
Baiyari-Kachhuara Road: संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के बैरिया-कछुआरा मार्ग की जर्जर और बदहाल स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत की गयी है. स्थानीय निवासी, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पर्यावरणविद्, प्रेमलोक मिशन स्कूल के निदेशक और राष्ट्रीय लोकहित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुदेव श्री प्रेम ने 20 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायती पत्र भेजकर सड़क की स्थिति से अवगत कराया है. उनके अनुसार, पीएमओ से फोन कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है.
दो दशक से सड़क निर्माण का इंतजार
गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि बैरिया-कछुआरा सड़क के निर्माण की मांग को लेकर पहले भी प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क किया गया था, लेकिन आश्वासन के अलावा कोई ठोस समाधान नहीं हुआ. उनका कहना है कि करीब दो दशक से स्थानीय लोग सड़क निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों के आश्वासन सुनते आ रहे हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है.
चुनाव के समय दिया गया था भरोसा
गुरुदेव श्री प्रेम के अनुसार, चुनाव के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली को लेकर नाराजगी जतायी थी. उस समय स्थानीय सांसद रविशंकर प्रसाद की ओर से भरोसा दिया गया था कि चुनाव के बाद सड़क निर्माण का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा. उनका आरोप है कि चुनाव समाप्त होने के बाद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई.
जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर उठाये सवाल
गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि यह सड़क एनडीए के प्रभाव वाले क्षेत्र में आती है और यहां से भाजपा के सांसद रविशंकर प्रसाद तथा राजद विधायक रामानंद यादव जैसे जनप्रतिनिधि जुड़े हैं. इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्होंने सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर जनता भरोसा करके सांसद चुनती है, तो प्रधानमंत्री को भी अपने सांसद से यह पूछना चाहिए कि उनके क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क वर्षों से बदहाल क्यों है.
पीएमओ से समयबद्ध कार्रवाई की मांग
गुरुदेव श्री प्रेम ने प्रधानमंत्री कार्यालय से मांग की है कि शिकायत को संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों तक भेजकर बैरिया-कछुआरा मार्ग के निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई करायी जाए. साथ ही सड़क की वर्तमान स्थिति की जांच कर निर्माण के लिए समयबद्ध पहल की जाए.
बारिश में और गंभीर हो जाती है समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जर्जर हिस्से होने के कारण पैदल यात्रियों के साथ बाइक, ऑटो और अन्य वाहनों को भी आवागमन में परेशानी होती है. बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है. लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग उठती रही है, लेकिन हर बार आश्वासन के बाद मामला आगे नहीं बढ़ पाता.
गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा. प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचाने का उद्देश्य यही है कि संबंधित विभाग सड़क की वास्तविक स्थिति का संज्ञान लेकर निर्माण कार्य शुरू कराये और बैरिया-कछुआरा मार्ग से गुजरने वाले लोगों को वर्षों से चली आ रही परेशानी से निजात मिले.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए