Bihar News: JDU का ‘सम्मान अभियान’ शुरू, चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा अवॉर्ड

Nitish Kumar
Bihar News: जदयू विधानसभा चुनाव में मिली कामयाबी को सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि संगठन की ताकत मान रही है और अब पार्टी उसी ताकत को सम्मानित करने की तैयारी में है.
Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव में अपेक्षा से अधिक सीटें जीतने के बाद जदयू अब अपने उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने जा रही है, जिन्होंने बूथ से लेकर जिले तक चुनावी जमीन पर मेहनत करके पार्टी को मजबूती दी. इसके साथ ही पार्टी ने आम लोगों से जुड़ाव बनाए रखने के लिए नई कार्ययोजना पर भी काम शुरू कर दिया है.
चुनावी मेहनत को मिलेगा सम्मान
जदयू विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को जल्द ही सम्मानित करेगी. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस जीत के पीछे जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की लगातार मेहनत, बूथ मैनेजमेंट और जनसंपर्क महत्वपूर्ण वजह रहा.
चुनाव में अपेक्षित से अधिक सीटें मिलने के बाद अब जदयू इस ऊर्जा को संगठन में स्थायी ताकत में बदलना चाहती है.
इस बार के चुनाव में जदयू ने बूथ स्तर तक आम लोगों से संवाद को प्राथमिकता दी थी. सूत्र बताते हैं कि टीमों ने न सिर्फ सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया, बल्कि फीडबैक भी एकत्र किया. पार्टी मानती है कि यही ‘नजदीकी संपर्क मॉडल’ उसके लिए गेमचेंजर की तरह काम किया, जिसकी वजह से ग्रामीण इलाकों में मजबूत पकड़ बनी रही.
अब चलेगी ‘रूटीन कनेक्टिविटी’ की रणनीति
चुनाव खत्म होते ही जदयू अब ऐसी कार्यप्रणाली तैयार करने में जुट गई है, जिससे आम दिनों में भी नेता और कार्यकर्ता लगातार जनता के संपर्क में रहें. पार्टी की सोच है कि यदि तय रूटीन के साथ नेताओं का जनता से सीधा संवाद जारी रहा, तो न सिर्फ योजनाओं की जानकारी तेजी से लोगों तक पहुंचेगी, बल्कि पार्टी की लोकप्रियता भी बढ़ेगी. संगठन से नए लोग जुड़ेंगे और जदयू भविष्य के चुनावों के लिए और मजबूत होगी.
प्रदेश अध्यक्ष बोले—“जल्द दिखेगा असर”
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पार्टी ने इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत सबसे बड़ी वजह रही. उन्होंने बताया कि पार्टी जल्द ही बेहतर काम करने वालों को सम्मानित करेगी और नई कार्ययोजना के तहत जनता से सीधा संवाद मजबूत किया जाएगा. कुशवाहा ने कहा, “बहुत जल्द जमीन पर बदलाव और नई गतिविधियां दिखने लगेंगी.”
Also Read: Bihar Politics: नीतीश कुमार का समर्थन करेगी AIMIM, असदुद्दीन ओवैसी का एलान
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




