अब आसमान से दिखेगा बिहार, हेली-टूरिज्म सेवा शुरू करेगी सरकार, 8 बड़े पर्यटन स्थल होंगे कनेक्ट

Updated at : 07 Apr 2026 5:34 PM (IST)
विज्ञापन
bihar tourism news

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Tourism: बिहार सरकार जल्द ही हेली-टूरिज्म सेवा शुरू करने जा रही है, जिससे पर्यटक कम समय में राज्य के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की हवाई सैर कर सकेंगे. इस पहल से पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन

Bihar Tourism: बिहार घूमने आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य सरकार जल्द ही हेली-टूरिज्म सेवा शुरू करने जा रही है, जिससे अब पर्यटक कम समय में आसमान से बिहार के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का दीदार कर सकेंगे.

ट्रैफिक और लंबी यात्रा से मिलेगी राहत

अब बिहार के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए घंटों सड़क जाम या लंबी ट्रेन यात्रा की जरूरत नहीं होगी. हेलीकॉप्टर सेवा के जरिए कुछ ही समय में एक जगह से दूसरी जगह पहुंचना संभव होगा. इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा भी आरामदायक और रोमांचक बनेगी.

पटना बनेगा हेली-टूरिज्म का हब

इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पटना को मुख्य केंद्र बनाया गया है. यहीं से हेलीकॉप्टर उड़ान भरकर राज्य के अलग-अलग पर्यटन स्थलों तक जाएंगे. यह कदम बिहार के पर्यटन को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है.

इन 8 प्रमुख स्थलों को जोड़ा जाएगा

इस हेली-टूरिज्म नेटवर्क के तहत राज्य के 8 प्रमुख ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों को जोड़ा जाएगा. इसमें बोधगया, राजगीर, नालंदा, वैशाली, पटना साहिब, विक्रमशिला, पावापुरी और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व शामिल हैं. ये सभी स्थल अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के लिए प्रसिद्ध हैं.

5 साल के लिए होगा ऑपरेटर का करार

पर्यटन विभाग के अनुसार, इस सेवा को संचालित करने के लिए एक प्रोफेशनल ऑपरेटर का चयन किया जाएगा. इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी होगा. ऑपरेटर के साथ शुरुआती 5 साल का एग्रीमेंट किया जाएगा, जिसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है.

हेलीपैड और हवाई पट्टियों का होगा विकास

इस योजना को सफल बनाने के लिए राज्य के चिन्हित पर्यटन स्थलों पर मौजूद हेलीपैड और हवाई पट्टियों को अपग्रेड किया जाएगा. सिविल एविएशन विभाग के सहयोग से लैंडिंग और टेक-ऑफ की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

हेली-टूरिज्म सेवा शुरू होने से बिहार का पर्यटन सेक्टर तेजी से विकसित होने की उम्मीद है. इससे न सिर्फ देश-विदेश के पर्यटक आकर्षित होंगे, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी.

Also Read: बिहार में बनेगी 188 KM लंबी रेल लाइन, 4 महीने में पूरा होगा फाइनल सर्वे, जानिए पूरा रूट प्लान

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन