किस जाति से आते हैं अभिषेक कुमार? बांकीपुर से BJP उम्मीदवार बनते ही बोले- प्रशांत किशोर मेरे लिए कोई चुनौती नहीं
कैंडिडेट बनने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते अभिषेक कुमार
Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी ने कायस्थ समाज से आने वाले अभिषेक कुमार 'बंटी' पर दांव लगाया है. इस सीट पर करीब दो दशक तक कायस्थ नेता नितिन नवीन का दबदबा रहा है. कैंडिडेट बनते ही अभिषेक ने प्रशांत किशोर पर प्रतिक्रिया दी है.
Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अभिषेक कुमार 'बंटी' को उम्मीदवार बनाया है. उम्मीदवार के नाम के ऐलान के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि अभिषेक कुमार किस जाति से आते हैं. अभिषेक कुमार कायस्थ जाति से आते हैं और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कायस्थ मतदाताओं का अच्छा प्रभाव माना जाता है.
आपके शहर में
कैंडिडेट बनते ही प्रशांत किशोर पर क्या बोले अभिषेक?
बांकीपुर से कैंडिडेट बनने के बाद अभिषेक कुमार की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व आभार जताया है. उन्होंने आगे कहा कि यही तो बीजेपी की खासियत है कि कार्यकर्ताओं को भी मौका देती है. प्रशांत किशोर पर उन्होंने कहा कि वे मेरे लिए कोई चुनौती नहीं हैं.
26 वर्षों से संगठन में एक्टिव
अभिषेक कुमार 'बंटी' लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठन से जुड़े हुए हैं. वे वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. इससे पहले वे पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. करीब 26 वर्षों से संगठन में एक्टिव हैं. अभिषेक की पहचान एक जमीनी और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में रही है.
बांकीपुर में कायस्थ वोट बैंक की अहम भूमिका
बांकीपुर पटना शहर की सबसे हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों में गिनी जाती है. यहां व्यापारी, नौकरीपेशा, पेशेवर और मध्यमवर्गीय मतदाताओं के साथ कायस्थ समाज की भी अच्छी-खासी मौजूदगी मानी जाती है. ऐसे में राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी ने उम्मीदवार चयन में संगठनात्मक अनुभव के साथ सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा है.
करीब 20 वर्षों तक विधायक रहे हैं नितिन नवीन
दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी कायस्थ समाज से आते हैं. वे करीब 20 वर्षों तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे और बांकीपुर को बीजेपी का मजबूत गढ़ बनाने में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है.
नितिन नवीन ने अपने पिता के निधन के बाद खाली हुई पटना पश्चिम विधानसभा सीट से वर्ष 2006 का उपचुनाव लड़ा था और पहली बार विधायक बने थे. वर्ष 2008 के परिसीमन के बाद इस सीट का नाम बदलकर बांकीपुर विधानसभा हो गया. इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनाव लगातार जीते. 2025 के चुनाव में उन्होंने राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी को करीब 51 हजार वोटों के बड़े अंतर से हराया, जिसे उनकी सबसे बड़ी चुनावी जीत माना जाता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
नितिन नवीन के करीबी भी हैं अभिषेक
अभिषेक कुमार को नितिन नवीन का करीबी भी माना जाता है. उन्होंने लंबे समय तक उनके साथ संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों में काम किया है. पार्टी के कई अभियान, सदस्यता कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है.
बूथ से प्रदेश तक का लंबा सफर
अभिषेक कुमार ने पाटलिपुत्र मंडल, कृष्णा मंडल, पटना महानगर युवा मोर्चा और बिहार प्रदेश युवा मोर्चा में कई जिम्मेदारियां निभाई हैं. बूथ, वार्ड, मंडल, महानगर और प्रदेश स्तर पर काम करने का उन्हें लंबा अनुभव है. संगठन में लगातार सक्रिय रहने के कारण उनकी पहचान मेहनती और उपलब्ध कार्यकर्ता के रूप में बनी है.
क्या साधना चाहती है BJP?
बांकीपुर उपचुनाव को इस बार बिहार की सबसे प्रतिष्ठित चुनावी लड़ाइयों में गिना जा रहा है. ऐसे में बीजेपी ने एक ऐसे चेहरे पर दांव लगाया है, जो संगठन में मजबूत पकड़ रखता है और कायस्थ समाज से भी आता है. चूंकि इस सीट पर लंबे समय तक कायस्थ नेता नितिन नवीन का प्रभाव रहा है, इसलिए माना जा रहा है कि पार्टी संगठनात्मक मजबूती के साथ अपने पारंपरिक सामाजिक आधार को भी बनाए रखने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है.
Also Read: कौन हैं अभिषेक कुमार? बांकीपुर से BJP ने जिस चेहरे पर खेला दांव, जानिए उनका राजनीतिक सफर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए