मीठापुर-सिपारा में बनेगा दक्षिणी पटना का पहला आधुनिक पार्क, 3.97 करोड़ में मिलेंगी 8 बड़ी सुविधाएं, जानिए क्या-क्या होगा खास
मीठापुर सिपारा पार्क मॉडल
Meethapur Modern Park : दक्षिणी पटना के मीठापुर-सिपारा इलाके को जल्द ही एक नया आधुनिक पार्क मिलने वाला है. 3.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क में बच्चों के लिए खास प्ले एरिया, ओपन जिम, योगा कुटिर और सेल्फी पॉइंट जैसी कई सुविधाएं होंगी. यह पार्क अमृत 2.0 योजना के तहत विकसित किया जाएगा.
Meethapur Modern Park : दक्षिणी पटना के मीठापुर-सिपारा इलाके के लोगों को जल्द ही आधुनिक पार्क की सुविधा मिलने वाली है. पटना नगर निगम ने सिपारा पार्क के निर्माण को मंजूरी देते हुए इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है. मीठापुर कृषि फार्म के पीछे करीब 14,717 वर्गफुट जमीन पर बनने वाले इस पार्क पर 3.97 करोड़ रुपये खर्च होंगे. पार्क में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
आपके शहर में
1.85 करोड़ की जगह अब 3.97 करोड़ रुपये होंगे खर्च
मीठापुर कृषि फार्म के पीछे खाली जमीन पर बनने वाले सिपारा पार्क के निर्माण की जिम्मेदारी अब पटना नगर निगम के पास है. पहले बुडको की ओर से पार्क के निर्माण के लिए 1.85 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब नगर निगम करीब 3.97 करोड़ रुपये खर्च कर इसे विकसित करेगा. इससे पार्क का बजट पहले के मुकाबले काफी बढ़ गया है.
अमृत 2.0 योजना के तहत होगा पार्क का निर्माण
वार्ड नंबर 30 में बनने वाला यह पार्क अमृत 2.0 योजना के तहत विकसित किया जाएगा. नगर निगम ने निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है. करीब 14 हजार 717 वर्गफुट क्षेत्र में बनने वाला यह पार्क मीठापुर-सिपारा इलाके में आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रमुख सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा.
बच्चों के लिए होगा खास प्ले एरिया
पार्क में बच्चों के लिए अलग से चिल्ड्रेन प्ले एरिया तैयार किया जाएगा. यहां बच्चे सुरक्षित माहौल में खेल सकेंगे. परिवार के साथ पार्क आने वाले लोगों के लिए यह सुविधा खास आकर्षण का केंद्र होगी.
ओपन जिम और योगा कुटिर से सेहत का भी ध्यान
युवाओं और बुजुर्गों के लिए पार्क में ओपन जिम बनाया जाएगा. इसके साथ योगाभ्यास के लिए योगा कुटिर की व्यवस्था होगी. सुबह और शाम व्यायाम करने वाले लोगों को इससे स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी.
रंगीन रोशनी वाला फव्वारा बनेगा आकर्षण
पार्क के बीच में रंगीन लाइटों से सुसज्जित फव्वारा बनाया जाएगा. इसके आसपास आकर्षक लाइटिंग और हरियाली विकसित की जाएगी. पार्क को खूबसूरत बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पेंटिंग भी कराई जाएगी.
वॉकिंग ट्रैक और सिटिंग एरिया की सुविधा
पार्क में लोगों के टहलने के लिए वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा. आराम करने के लिए गजेबो और सिटिंग एरिया भी तैयार होगा. इससे सुबह-शाम टहलने और परिवार के साथ समय बिताने वाले लोगों को बेहतर माहौल मिलेगा.
सेल्फी प्वाइंट भी होगा खास आकर्षण
पार्क में लोगों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा. इसके लिए आई लव सिपारा पार्क की थीम रखी गई है. आकर्षक डिजाइन और लाइटिंग के साथ यह जगह युवाओं के लिए खास आकर्षण बन सकती है.
साफ पानी और आधुनिक शौचालय की व्यवस्था
पार्क में आने वाले लोगों की बुनियादी जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है. यहां पीने के साफ पानी की व्यवस्था के साथ आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे. प्रवेश व्यवस्था के लिए टिकट काउंटर भी तैयार किया जाएगा.
हाई मास्ट और सोलर लाइट से रोशन होगा परिसर
पार्क की सुरक्षा और रोशनी के लिए हाई मास्ट लाइट और सोलर लाइट लगाई जाएंगी. पूरे परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने की योजना है, ताकि सुबह और शाम आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके.
जलजमाव रोकने के लिए बनेगा ड्रेनेज सिस्टम
बारिश के दौरान पार्क में जलजमाव न हो, इसके लिए मजबूत ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जाएगा. नगर निगम का लक्ष्य पार्क को व्यवस्थित, स्वच्छ और हराभरा सार्वजनिक स्थल बनाना है.
12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य
नगर निगम की योजना के अनुसार सिपारा पार्क का निर्माण करीब 12 महीने में पूरा किया जाना है. पार्क तैयार होने के बाद मीठापुर, सिपारा और आसपास के इलाकों के लोगों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए नया स्थान मिलेगा.
Also Read : खान सर ने किसे दी जान से मारने की धमकी? पटना पुलिस से की शिकायत,बोली-पढ़ाने के बहाने आते थे रूम पर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए