पटना: पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने शनिवार को भाजपा प्रचार मंच की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य में अघोषित आपातकाल लगाने के मूड में हैं. भाजपा ऐसा नहीं होने देगी. हमारे कार्यकर्ता कल भी उनके खिलाफ थे, आज भी है. मुख्यमंत्री का मंसूबा कभी सफल नहीं होगा. मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री बीते दस वर्षो के कामकाज का श्रेय लेने में जुटे हैं.
उन्हें मालूम होना चाहिए कि साढ़े सात वर्ष तक भाजपा भी सरकार में थी. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मंच की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी. केंद्र सरकार द्वारा बिहार को दिये जा रहे सहयोग से आम जनता को अवगत कराना है. विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है पार्टी कार्यकर्ता लालू-नीतीश की सत्ता को उखाड़ फेंकने में पूरी ताकत से लग जाएं. केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने राजद-जदयू के शासन को समाप्त करने का मन बना लिया है.
बिहार से जंगलराज को खत्म करने के लिए प्रचार मंच के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर भाजपा के कार्यो से जनता को अवगत कराएं. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वैद्यनाथ रमण, प्रदेश महामंत्री नागेन्द्र कुमार, सांसद आरके सिन्हा, विधान सभा में प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक अरुण कुमार सिन्हा, प्रदेश सह संगठन मंत्री शिव नारायण प्रसाद, प्रदेश महामंत्री डॉ सूरजनंदन कुशवाहा, डॉ संजीव चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ संजय मयूख, विधायक नितिन नवीन, प्रचार मंच के प्रदेश महामंत्री नवनीत दूबे, उपाध्यक्ष रणवीर कुमार, मनोज सिंह, शंभु गिरि, प्रदेश मंत्री सत्यदेव यादव, चंदन मिश्र आदि थे. चंद्र भूषण भारती, कोषाध्यक्ष सर्वजीत राठौर, पुष्कर कुमार, मृणाल शेखर, नरेश साह सहित जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी उपस्थित थे.